Sports News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही टूर्नामेंट में एक नया रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने का कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है. फरहान ने इस टूर्नामेंट में 7 मैचों में 76.60 की औसत और 160.25 के स्ट्राइक रेट से कुल 383 रन बनाए .
फरहान ने अपनी इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर विराट कोहली का 2014 में बनाया गया 319 रनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. कोहली का यह रिकॉर्ड पिछले 12 सालों से कायम था, जिसे अब फरहान ने तोड़कर एक नया इतिहास रच दिया है. उन्होंने इस टूर्नामेंट में नामीबिया और श्रीलंका के खिलाफ दो शानदार शतक भी जड़े, जिसकी बदौलत वह एक ही टी20 वर्ल्ड कप में दो शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले यह कारनामा क्रिस गेल ने किया था, लेकिन उन्होंने यह उपलब्धि दो अलग-अलग टूर्नामेंट (2007 और 2016) में हासिल की थी.
फरहान के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के बावजूद पाकिस्तानी टीम लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी. हालांकि, अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर फरहान अवॉर्ड जीतते हैं तो क्या वह इसे लेने भारत आएंगे. आईसीसी ने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए आठ खिलाड़ियों को नामांकित किया है, जिसमें फरहान के अलावा भारत के संजू सैमसन और न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट जैसे दिग्गज शामिल हैं, लेकिन फरहान के आंकड़े इतने दमदार हैं कि उनका यह अवॉर्ड जीतना लगभग तय माना जा रहा है.
Sahibzada Farhan is lucky that Sanju Samson hadn't played the first 5 matches of this WC. pic.twitter.com/Pxon7hHL3A
— Selfless⁴⁵ (@SelflessCricket) March 8, 2026
क्रिकेट जगत में अभी भी एशिया कप 2025 की वह घटना ताजा है, जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी टीम इंडिया को ट्रॉफी नहीं दे पाए थे और भारतीय टीम ने पुरस्कार समारोह का बहिष्कार कर दिया था. उस समय भारतीय खिलाड़ियों ने काल्पनिक ट्रॉफी उठाकर जश्न मनाया था, जो काफी वायरल हुआ था. उस विवाद के बाद से भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध और भी तनावपूर्ण हो गए हैं.