menu-icon
India Daily

World Cup 2027: दो बार की विश्व चैंपियन टीम पर मंडराया खतरा, पाकिस्तान को पीटकर बांगलादेश ने दी सीधी चुनौती

जानकारी के अनुसार, सीरीज से पहले बांग्लादेश दसवें स्थान पर था, लेकिन जीत के बाद बांग्लादेश की टीम नौवें स्थान पर पहुंच सकती है.  इसके चलते वेस्टइंडीज की टीम एक स्थान नीचे खिसककर दसवें नंबर पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

Anuj
Edited By: Anuj
World Cup 2027: दो बार की विश्व चैंपियन टीम पर मंडराया खतरा, पाकिस्तान को पीटकर बांगलादेश ने दी सीधी चुनौती

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 का समापन हो गया है. अब वनडे क्रिकेट विश्व कप 2027 की तैयारी शुरू हो चुकी है. इस टूर्नामेंट को लेकर धीरे-धीरे तस्वीर साफ होने लगी है. टी20 विश्व कप 2026 के बाद यह आईसीसी का अगला बड़ा टूर्नामेंट होगा.

इस बीच बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज का असर आईसीसी रैंकिंग और विश्व कप क्वालीफिकेशन पर भी पड़ा है. इस सीरीज के नतीजों ने खास तौर पर वेस्टइंडीज के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है.

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराया

हाल ही में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया. पहले मैच में बांग्लादेश ने जीत दर्ज कर बढ़त बनाई. दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने वापसी करते हुए मैच जीत लिया, लेकिन तीसरे और निर्णायक मैच में बांग्लादेश ने फिर से जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली.

आईसीसी वनडे रैंकिंग पर असर

इस जीत का असर आईसीसी वनडे रैंकिंग पर पड़ा है. जानकारी के अनुसार, सीरीज से पहले बांग्लादेश दसवें स्थान पर था, लेकिन जीत के बाद बांग्लादेश की टीम नौवें स्थान पर पहुंच सकती है.  इसके चलते वेस्टइंडीज की टीम एक स्थान नीचे खिसककर दसवें नंबर पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, अबतक आईसीसी ने ताजा रैंकिंग जारी नहीं की है.

 तीन देशों में खेला जाएगा अगला विश्व कप

अगला वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में आयोजित होगा.  मेजबान होने के कारण दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को पहले ही टूर्नामेंट में सीधे एंट्री मिल चुकी है. इसके अलावा आईसीसी रैंकिंग के आधार पर आठ टीमों को सीधा प्रवेश मिलेगा. जो टीमें रैंकिंग में टॉप आठ में होंगी, वे बिना क्वालीफायर खेले विश्व कप में पहुंच जाएंगी. इसके बाद की टीमों को क्वालीफाइंग टूर्नामेंट खेलकर अपनी जगह बनानी होगी.

टॉप-8 से बाहर वेस्टइंडीज

मौजूदा स्थिति को देखें तो बांग्लादेश और वेस्टइंडीज दोनों ही टीमें फिलहाल टॉप आठ से बाहर हैं. ऐसे में अगर रैंकिंग में सुधार नहीं हुआ तो इन दोनों को क्वालीफायर मुकाबले खेलने पड़ सकते हैं. हालांकि, विश्व कप की कट-ऑफ तारीख अभी दूर है, इसलिए टीमों के पास अपनी स्थिति सुधारने का मौका मौजूद है.

कैरिबियाई टीम को करना होगा शानदार प्रदर्शन

रैंकिंग में सुधार के लिए दोनों टीमों को आने वाले महीनों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. बांग्लादेश की टीम दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी. वहीं, वेस्टइंडीज की टीम सितंबर-अक्टूबर में भारत के खिलाफ वनडे मुकाबले खेलेगी. इन सीरीज में जीत दर्ज करने से रैंकिंग में बदलाव आ सकता है और दोनों टीमों के लिए सीधे विश्व कप में जगह बनाने की उम्मीद भी बढ़ सकती है.