IPL 2026

DC vs RCB: 75 पर सिमटी दिल्ली की पारी, सवालों के घेरे में DC की रणनीति, क्यों नहीं मिली पृथ्वी शॉ को टीम में जगह?

दिल्ली की इस शर्मनाक हार के बाद अब कप्तान अक्षर पटेल की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं. साथ ही उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है. अब दिग्गज पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल को न खिलाने पर सवाल उठा रहे हैं. 

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: बीती शाम दिल्ली कैपिटल्स के लिए शर्मनाक रही, क्योंकि अक्षर पटेल की पूरी टीम महज 75 रनों पर ही सिमट कर रह गई. पहले गेंद से ही दिल्ली कैपिटल्स ताश के पत्तों की तरह ढ़हना शुरु हो गई थी. टीम अपने पूरे 20 ओवर तक नहीं खेल पाई और 16.3 ओवर में ही पूरी टीम पवेलियन लौट गई.

दिल्ली की टीम आरसीबी के गेंदबाजों के जाल से कभी उभर ही नहीं पाई और अंततः विपक्षी टीम के लिए मात्र 76 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे आरसीबी ने महज 39 गेंदों में हासिल कर लिया.

दिल्ली की इस शर्मनाक हार के बाद अब कप्तान अक्षर पटेल की कप्तानी पर सवाल उठ रहे हैं. साथ ही उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ रहा है. अब दिग्गज पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल को न खिलाने पर सवाल उठा रहे हैं. 

दिग्गज ने पृथ्वी शॉ की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल

दिल्ली की शर्मनाक हार के बाद अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने दिल्ली की बल्लेबाजी रणनीति की कड़ी आलोचना करते हुए सवाल खड़े किए हैं कि पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल को शुरुआती प्लेइंग इलेवन में नहीं चुना गया. 

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हमने अपने प्री-शो में पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरेल के बारे में चर्चा की थी. मैं यह समझना चाहता हूं कि उनमें से किसी एक को न खिलाने के पीछे क्या सोच है.' यह इस सीजन में दिल्ली की लगातार तीसरी हार थी और उन्होंने अपने पिछले छह मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है.

साहिल नहीं शॉ या पोरेल को मिलनी चाहिए थी जगह

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पिछले साल अपने बल्ले से धमाल मचा रहे श्रीलंकाई बल्लेबाज पथुम निस्संका इस आईपीएल बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए. जिस कारण उन्हें आरसीबी के खिलाफ मैच में रिप्लेस करने की बात चल रही थी तो ऐसे में संभावना जताई गई थी कि फ्रेंचाइजी केएल राहुल के साथ शायद पृथ्वी शॉ या अभिषेक पोरेल को मौके देगी. 

लेकिन ऐसा नहीं हुआ और मेनेजमेंट ने 18 वर्षीय साहिल पारख को मौका दिया और फ्रेंचाइजी का यह फैसला गलत साबित हो गया, क्योंकि साहिल भुवनेश्वर कुमार की पहली गेंद पर ही अपना विकेट गंवा बैठे.  

SMAT में किया शानदार प्रदर्शन 

पठान का मानना ​​था कि शॉ या पोरेल टीम में बेहतर विकल्प होते. क्योंकि महाराष्ट्र के इस बल्लेबाज ने पिछले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने दो अर्धशतक बनाए थे. वहीं पोरेल का प्रदर्शन उनसे थोड़ा बेहतर रहा, उन्होंने बंगाल के लिए सात पारियों में 175 के स्ट्राइक रेट से 225 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल थे.

सोमवार को आरसीबी के खिलाफ मैच में पोरेल इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान में उतरे. दिल्ली के छह विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारख की जगह ली. दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पोरेल 30 रन बनाकर विजयी रहे, जिसमें डेविड मिलर के साथ उनकी 43 रन की साझेदारी भी शामिल थी.