IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला आग उगल रहा है. राजस्थान रॉयल्स के इस 15 साल के बल्लेबाज ने अब एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो आज तक कोई दिग्गज खिलाड़ी भी हासिल नहीं कर पाया था. गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-2 मुकाबले में वैभव ने पावरप्ले के दौरान रन बनाकर इतिहास रच दिया.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को तेज शुरुआत की जरूरत थी. वैभव सूर्यवंशी ने वही काम किया. उन्होंने शुरुआती छह ओवरों में सिर्फ 17 गेंदों पर 31 रन बनाए. इसी दौरान उन्होंने आईपीएल 2026 में पावरप्ले के अंदर अपने कुल रन 521 तक पहुंचा दिए. इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम था. साल 2016 में 467 रन बनाए थे.
वैभव सूर्यवंशी का यह रिकॉर्ड सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं है. वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने किसी भी टी20 टूर्नामेंट के पावरप्ले में 500 से ज्यादा रन बनाए हों. इस सूची में ट्रेविस हेड, साई सुदर्शन और एडम गिलक्रिस्ट जैसे बड़े नाम भी अब उनसे पीछे रह गए हैं.
इस सीजन वैभव सिर्फ रन ही नहीं बना रहे. चौके-छक्कों की बरसात भी कर रहे हैं. उन्होंने अब तक 62 चौके और 67 छक्के लगाकर कुल 129 बाउंड्री पूरी कर ली हैं. इसके साथ ही उन्होंने जोस बटलर का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 2022 में 128 बाउंड्री लगाई थीं. अब एक टी20 सीजन में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का रिकॉर्ड भी वैभव के नाम हो गया है. विराट कोहली, डेविड वॉर्नर और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाज भी इस सूची में उनसे पीछे रह गए.