menu-icon
India Daily

पिता की मौत के 4 दिन बाद मैदान पर लौटे मेसी, विरोधी खिलाड़ी ने गले लगाकर जीत लिया दिल; VIDEO VIRAL

लियोनेल मेसी पिता जॉर्ज मेसी के निधन के सिर्फ चार दिन बाद मैदान पर लौटे. इंटर मियामी के खिलाफ मैच में क्लब लियोन के जोहान रोमान ने उन्हें गले लगाकर भावुक कर दिया.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
पिता की मौत के 4 दिन बाद मैदान पर लौटे मेसी, विरोधी खिलाड़ी ने गले लगाकर जीत लिया दिल; VIDEO VIRAL
Courtesy: X

लियोनेल मेसी का फुटबॉल मैदान पर लौटना बेहद भावुक पल बन गया. पिता जॉर्ज मेसी के निधन के चार दिन बाद अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी ने इंटर मियामी के लिए खेला. मैच के दौरान क्लब लियोन के डिफेंडर जोहान रोमान ने उन्हें अचानक गले लगाया. यह पल अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मेसी की वापसी पर विरोधी ने दिया खास सम्मान

मेसी पिता के अंतिम संस्कार के लिए अपने शहर रोसारियो गए थे और माना जा रहा था कि वह कुछ समय तक फुटबॉल से दूर रह सकते हैं. वह गुरुवार को लीग्स कप मुकाबले में इंटर मियामी के लिए दूसरे हाफ की शुरुआत में मैदान पर उतरे. स्टेडियम में मौजूद फैंस ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया. इसी दौरान क्लब लियोन के डिफेंडर जोहान रोमान ने मेसी को रोककर उन्हें गले लगाया. लियोन ने बाद में इस भावुक पल की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि यह गले मिलना पूरे क्लब, फुटबॉल और उनके सम्मान की तरफ से मेसी के लिए है.

पिता के निधन के बाद मेसी ने करियर पर जताया था सवाल

जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हुआ था. वह अपने बेटे के करियर में बेहद अहम भूमिका निभाते रहे और लंबे समय तक उनके एजेंट तथा कारोबारी मामलों को संभालते थे. पिता को श्रद्धांजलि देते हुए मेसी ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनके बिना कैसे आगे बढ़ेंगे और क्या वह लंबे समय तक फुटबॉल खेलना जारी रख पाएंगे. ऐसे में महज चार दिन बाद मैदान पर लौटना उनके लिए बेहद भावुक कदम था. हालांकि मेसी की वापसी इंटर मियामी को जीत नहीं दिला सकी और लियोन ने मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया.

मेसी की वापसी बनी खास

मैच में इंटर मियामी ने पहले बढ़त बनाई थी. डेनियल पिंटर ने 42वें मिनट में टीम को आगे किया लेकिन दूसरे हाफ में लियोन ने जोरदार वापसी की. जुआन पाब्लो डोमिंग्वेज ने बराबरी की और डेनियल आर्सिला ने दो गोल करके मुकाबला लियोन के पक्ष में कर दिया. यानिक ब्राइट ने इंटर मियामी के लिए एक और गोल किया लेकिन टीम बराबरी नहीं कर सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई. लियोन ने अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई. मेसी के लिए हालांकि नतीजे से ज्यादा अहम उनका मैदान पर लौटना और उस दौरान मिले समर्थन का पल रहा.