2 मैच 2 फाइफर, 17 विकेट... लंका में बजा Manav Suthar का डंका, गेंदबाज की फिरकी में ढेर श्रीलंका के 10 बल्लेबाज
मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में अपनी गेंदबाजी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खूब परेशान किया. उन्होंने इस मैच में कुल 10 विकेट लेकर सबको अपनी गेंदबाजी का मुरीद बना लिया है.
गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार जीत हासिल की. भारतीय टीम ने मेजबान को 165 रनों से रौंदा. इस जीत के सबसे बड़े नायक युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा. इसके अलावा उन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट हॉल भी अपने नाम किया. उनकी गेंदबाजी ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया.
दूसरी पारी में उनके छह विकेट ने श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. भारत ने इस मुकाबले में 178 रन की पहली पारी की बढ़त हासिल की थी. इसके बाद श्रीलंका लक्ष्य का पीछा करते हुए 206 रन पर ढेर हो गया.
सुथार ने पांचवें दिन पलटा मैच
श्रीलंका ने पांचवें दिन 84 रन पर चार विकेट से आगे खेलना शुरू किया. सोनल दिनुशा और केशरा नुवांथा ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया. दिनुशा 84 रन तक पहुंच गए थे और बड़ा स्कोर बनाने की ओर बढ़ रहे थे. तभी मानव सुथार ने लगातार प्रभावी गेंदबाजी करते हुए दिनुशा को आउट किया. अगली गेंद पर प्रभात जयसूर्या भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.
Also Read
एक ही ओवर में तीन बड़े झटके
सुथार ने इसके बाद लाहिरु कुमारा को भी अपना शिकार बनाया. विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका कैच पकड़ा. इन तीन विकेटों ने श्रीलंका की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया. इस प्रदर्शन के साथ सुथार ने टेस्ट करियर का दूसरा फाइव विकेट हॉल लिया. बता दें सुथार ने पहली पारी में 21.4 ओवर डाले जिसमें उन्होंने 76 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किया तो वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 23.4 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट झटके. कुल मिलाकर इस मैच में उन्होंने 10 विकेट लिया.
2 मैच 2 फाइफर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मानव सुथार को इस साल 6 जून अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में डेब्यू का मौका. सुथार ने अपने डेब्यू मैच में ही अपना दमखम दिखाते हुए पंजा खोला था. उनके इस प्रदर्शन ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा था. सुथार ने कुछ वैसा ही कारनामा इस मैच में भी किया. उन्होंने इस मैच में पंजा खोला, जिसके बाद अब चारों उनकी ही चर्चा हो रही है. सुथार ने अब तक 4 टेस्ट पारियां खेली हैं जिनमें उन्होंने 2.49 की इकॉनमी से 17 विकेट अपने नाम किए.
भारत ने सीरीज में बनाई बढ़त
गाले में मिली इस जीत के साथ भारत ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. यह मुकाबला गाले में खेला गया 50वां टेस्ट भी था. साथ ही यह भारत का 600वां टेस्ट मैच रहा. जीत से भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में 12 अहम अंक मिले हैं. अब भारतीय टीम की नजर अगले मुकाबले में सीरीज अपने नाम करने पर होगी.