IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स की पहली जीत, सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराया
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी पारी से सबको चौंका कर रख दिया. उनके 68 रनों की बदौलत लखनऊ को पहली जीत मिल गई है.
LSG VS SRH: आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने रोमांचक अंदाज में सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया है. रविवार को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस सांस रोक देने वाले मैच में लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत ने 68 रनों की नाबाद कप्तानी पारी खेलकर अपनी टीम को इस सीजन की पहली जीत का स्वाद चखाया.
आखिरी ओवर का ड्रामा
लखनऊ सुपर जायंट्स को जीत के लिए 157 रनों का लक्ष्य मिला था. लक्ष्य का पीछा करते हुए मुकाबला आखिरी ओवर तक खिंच गया, जहां LSG को 6 गेंदों में 9 रनों की दरकार थी. क्रीज पर मौजूद कप्तान ऋषभ पंत ने बिना कोई दबाव लिए इस ओवर में तीन शानदार चौके जड़कर 1 गेंद शेष रहते ही मैच खत्म कर दिया. पंत ने 50 गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 68 रन बनाए और कप्तानी का पूरा जिम्मा उठाया.
लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं
इससे पहले, रनचेज के दौरान लखनऊ की शुरुआत खास नहीं रही थी. मिचेल मार्श जल्दी पवेलियन लौट गए. इसके बाद एडेन मार्करम ने 27 गेंदों में 45 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को मोमेंटम दिया. निकोलस पूरन और इम्पैक्ट प्लेयर आयुष बदोनी के सस्ते में आउट होने से टीम 105/4 के स्कोर पर फंसती दिख रही थी, लेकिन पंत ने अब्दुल समद के साथ मिलकर 34 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को जीत की दहलीज पार करा दी.
क्लासेन और नीतीश ने SRH को संकट से निकाला
इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खौफनाक रही. मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव की घातक गेंदबाजी के आगे हैदराबाद ने महज 11 रन पर अपने टॉप 3 विकेट गंवा दिए थे. 26 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 116 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर टीम को 156 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
लखनऊ की शानदार गेंदबाजी
लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए. इस शानदार जीत के साथ लखनऊ ने दिल्ली से मिली पिछली हार का गम भुलाकर टूर्नामेंट में वापसी कर ली है. वहीं, दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में अब LSG 5-2 से मजबूत बढ़त पर आ गई है.