Bengal Pro T20 Auction: पैसों की बारिश! LSG के शाहबाज बने सबसे महंगे खिलाड़ी

बंगाल प्रो टी20 लीग की पहली नीलामी में शाहबाज अहमद सबसे महंगे खिलाड़ी बने. श्रीची राढ़ टाइगर्स ने उन्हें 12.20 लाख रुपये में रिटेन किया.

X
Ashutosh Rai

कोलकाता में रविवार को आयोजित बंगाल प्रो टी20 लीग की पहली नीलामी ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. इस नीलामी में कई खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजियों ने खुलकर पैसा खर्च किया. सबसे ज्यादा चर्चा भारत के ऑलराउंडर शाहबाज अहमद की रही. श्रीची राढ़ टाइगर्स ने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करते हुए 12.20 लाख रुपये में अपने साथ बनाए रखा.

शाहबाज अहमद बने सबसे महंगे खिलाड़ी

आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा रहे शाहबाज अहमद बंगाल प्रो टी20 लीग नीलामी के पहले दिन सबसे बड़ी खरीद साबित हुए. श्रीची राढ़ टाइगर्स ने उन्हें वापस अपनी टीम में शामिल करने के लिए जोरदार बोली लगाई. आखिरकार ‘राइट टू मैच’ कार्ड का इस्तेमाल करते हुए फ्रेंचाइजी ने उन्हें 12.20 लाख रुपये में रिटेन कर लिया. शाहबाज़ पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट और टी20 फॉर्मेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.

अभिषेक पोरेल और मुकेश कुमार पर भी बरसा पैसा

नीलामी में विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल भी चर्चा में रहे. उन्हें लक्स श्याम कोलकाता टाइगर्स ने 10.40 लाख रुपये में खरीदा. पोरेल हाल के समय में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण लगातार सुर्खियों में रहे हैं. वहीं भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को सोबिस्को स्मैशर्स मालदा ने 9.60 लाख रुपये में अपने साथ बनाए रखा. बंगाल टीम के कप्तान सुदीप कुमार घरामी को नोवस पुरुलिया रॉयल्स ने 9.40 लाख रुपये में टीम में शामिल किया. युवा खिलाड़ी दीपक केसवानी भी 8.60 लाख रुपये की बड़ी बोली के साथ इसी फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बने.

युवा खिलाड़ियों को मिला बड़ा मंच

इस नीलामी में कई युवा क्रिकेटरों को भी शानदार मौके मिले. रोहित नाम के युवा खिलाड़ी को नोवस पुरुलिया रॉयल्स ने 5.20 लाख रुपये में खरीदा, जिसने सभी का ध्यान खींचा. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि बंगाल प्रो टी20 लीग अब केवल एक घरेलू टूर्नामेंट नहीं रह गई है, बल्कि यह युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मजबूत मंच बन चुकी है. आईपीएल और रणजी ट्रॉफी तक पहुंचने का सपना देखने वाले खिलाड़ियों के लिए यह लीग नई उम्मीद लेकर आई है. नीलामी के दौरान कई फ्रेंचाइजियों ने नए चेहरों पर भरोसा जताकर यह संकेत दिया कि आने वाले वर्षों में बंगाल क्रिकेट और मजबूत हो सकता है.