FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले लियोनेल मेसी और लैमिन यमाल की एक पुरानी तस्वीर फिर चर्चा में है. बेबी यमाल के साथ मेसी का वह फोटोशूट अब इतिहास बन चुका है. फाइनल से पहले मेसी ने पहली बार इस वायरल तस्वीर और यमाल को लेकर खुलकर अपनी बात रखी.
फाइनल मुकाबले से पहले अमेरिका में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान टॉम ब्रैडी ने लियोनेल मेसी से उस मशहूर तस्वीर का जिक्र किया, जिसमें वह छोटे से लैमिन यमाल के साथ बाथटब में दिखाई दिए थे. यह तस्वीर करीब 20 साल पहले UNICEF के एक फोटोशूट के दौरान ली गई थी. उस समय यमाल एक छोटे बच्चे थे और मेसी अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे. मेसी ने इस पल को याद करते हुए कहा कि उस समय किसी ने नहीं सोचा होगा कि एक दिन दोनों वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने होंगे. उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए भी बेहद खास और हैरान करने वाला है. मेसी के मुताबिक, जिंदगी कभी-कभी ऐसी कहानी लिख देती है, जिस पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है.
मेसी ने बातचीत के दौरान लैमिन यमाल की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से यमाल के खेल पर नजर रख रहे हैं, क्योंकि वह बार्सिलोना के खिलाड़ी हैं और उस क्लब से उनका खास रिश्ता रहा है. मेसी ने माना कि इतनी कम उम्र में यमाल ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह बेहद खास है. हालांकि उन्होंने साफ कर दिया कि फाइनल में दोस्ती या भावनाओं की कोई जगह नहीं होगी. मेसी ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि स्पेन और यमाल इस बार अपना लक्ष्य पूरा न कर सकें. उनके अनुसार, मैदान पर हर खिलाड़ी अपनी टीम के लिए खेलता है और उनका पूरा ध्यान अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनाने पर रहेगा.
रविवार को होने वाला यह मुकाबला सिर्फ अर्जेंटीना और स्पेन के बीच नहीं होगा, बल्कि दो पीढ़ियों के शानदार खिलाड़ियों के बीच भी होगा. अगर अर्जेंटीना जीतता है तो मेसी लगातार दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाले पहले कप्तान बन जाएंगे. दूसरी तरफ, लैमिन यमाल के पास बेहद कम उम्र में वर्ल्ड कप फाइनल जीतने का बड़ा मौका है. दोनों खिलाड़ी बार्सिलोना की मशहूर ला मासिया अकादमी से निकले हैं और अब दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर आमने-सामने होंगे.