menu-icon
India Daily

लियोनल मेसी ने वानखेड़े स्टेडियम में गर्व के साथ थामा भारत का तिरंगा, जीता करोड़ों हिंदुस्तानियों का दिल

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में लियोनेल मेसी ने भारतीय तिरंगा थामकर फैंस का दिल जीत लिया. GOAT इंडिया टूर के इस पड़ाव ने फुटबॉल प्रेमियों को यादगार पल दिए.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लियोनल मेसी ने वानखेड़े स्टेडियम में गर्व के साथ थामा भारत का तिरंगा, जीता करोड़ों हिंदुस्तानियों का दिल
Courtesy: @mufaddal_vohra

लियोनेल मेसी का मुंबई दौरा रविवार रात भावनाओं और उत्साह से भरे शानदार समापन के साथ खत्म हुआ. वानखेड़े स्टेडियम में हजारों फैंस के बीच मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल की मौजूदगी ने माहौल को ऐतिहासिक बना दिया. गीतों, नारों और झंडों से सजा यह आयोजन सिर्फ एक फुटबॉल इवेंट नहीं, बल्कि खेल और सम्मान का उत्सव बन गया, जिसकी तस्वीरें और यादें लंबे समय तक साथ रहेंगी.

वानखेड़े में फुटबॉल का जश्न

स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने अर्जेंटीना और बार्सिलोना के झंडे लहराकर मेसी का जोरदार स्वागत किया. हर तरफ “मेसी–मेसी” के नारे गूंज रहे थे. रोशनी, संगीत और फैंस की ऊर्जा ने वानखेड़े को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मंच में बदल दिया, जहां हर पल तालियों और उत्साह से भरा रहा.

फैंस के लिए खास पल

मेसी ने मैदान का चक्कर लगाते हुए फैंस का अभिवादन किया और उनका प्यार स्वीकार किया. इसके बाद उन्होंने प्रोजेक्ट महादेव से जुड़े बच्चों के साथ हल्का-फुल्का खेल सत्र किया. बच्चों के साथ पास खेलते हुए मेसी, सुआरेज और डी पॉल को देखकर दर्शकों के चेहरे पर अलग ही खुशी नजर आई.

सचिन ने मेसी को दी अपनी 10 नंबरी जर्सी

कार्यक्रम के अंतिम हिस्से में मेसी और क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर की मुलाकात खास आकर्षण रही. इस दौरान सचिन ने मेसी को अपनी 10 नंबर की ओडीआई जर्सी भेंट की वहीं मेसी ने भी सचिन को फुटबॉल गिफ्ट की. इस पल पर स्टेडियम तालियों की गूंज से भर उठा.

तिरंगे के साथ मेसी का संदेश

शाम के समापन पर मेसी के हाथ में भारतीय तिरंगा नजर आया. सुआरेज उरुग्वे का झंडा और डी पॉल अर्जेंटीना का ध्वज लहराते दिखे. मेसी का यह भावुक इशारा सोशल मीडिया पर छा गया, जहां फैंस ने इसे सम्मान और प्यार की वापसी बताया.

दिल्ली में होगा दौरे का समापन

मेसी दोपहर में कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंचे थे. इससे पहले कोलकाता और हैदराबाद में उनके कार्यक्रम हुए. मुंबई में सुरक्षा और व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत रही. GOAT इंडिया टूर 2025 का समापन सोमवार को नई दिल्ली में होगा, जहां मेसी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम है.