Tamil Nadu Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Kerala Assembly Election 2026

'आज के दौर में बैटिंग बहुत आसान है...', जो रूट के मैनचेस्टर में रिकॉर्ड तोड़ शतक के बाद केविन पीटरसन ने दिया बयान

Kevin Pietersen: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन का मानना है कि आज के दौर में बल्लेबाजी आसान हो गई है. आज से 20-25 साल पहले ऐसे-ऐसे गेंदबाज थे, जिनके खिलाफ बैटिंग करना बहुत ही मुश्किल होता था.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

Kevin Pietersen: इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन ने एक बार फिर क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है. उन्होंने दावा किया है कि आज के समय में टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी करना 20-25 साल पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान हो गया है. यह बयान जो रूट के मैनचेस्टर टेस्ट में शानदार शतक के बाद आया, जब उन्होंने रिकी पॉन्टिंग को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया. 

मैनचेस्टर में चल रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 के चौथे टेस्ट के तीसरे दिन जो रूट ने नाबाद 150 रनों की पारी खेली. इस पारी के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पॉन्टिंग (11,736 रन) को पीछे छोड़ दिया और टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरा स्थान हासिल किया. अब उनके सामने केवल सचिन तेंदुलकर (15,921 रन) हैं. 

केविन पीटरसन का विवादित बयान

जो रूट की इस शानदार पारी के बाद केविन पीटरसन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, "मुझ पर चिल्लाएं नहीं, लेकिन आज के समय में बल्लेबाजी 20-25 साल पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान है. उस समय बल्लेबाजी करना शायद दोगुना मुश्किल था!" पीटरसन, जो 2005 से 2013 तक इंग्लैंड के लिए 104 टेस्ट खेल चुके हैं और 47.28 की औसत से 8,181 रन बना चुके हैं, हमेशा से अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. 

पुराने दौर के गेंदबाजों की ताकत

पीटरसन ने अपने बयान में उन गेंदबाजों का जिक्र किया, जो 20-25 साल पहले बल्लेबाजों के लिए चुनौती हुआ करते थे. उन्होंने लिखा, "वकार यूनुस, शोएब अख्तर, वसीम अकरम, मुश्ताक अहमद, अनिल कुंबले, जवागल श्रीनाथ, हरभजन सिंह, एलन डोनाल्ड, शॉन पोलक, लांस क्लूजनर, डैरेन गॉफ, ग्लेन मैक्ग्रा, ब्रेट ली, शेन वॉर्न, जेसन गिलेस्पी, शेन बॉन्ड, डैनियल विटोरी, क्रिस केर्न्स, चमिंडा वास, मुथैया मुरलीधरन, कर्टली एम्ब्रोस, कर्टनी वॉल्श... और यह सूची और भी लंबी हो सकती है." उन्होंने प्रशंसकों से पूछा, "मैंने 22 गेंदबाजों के नाम लिए. अब आप मुझे आज के 10 गेंदबाजों के नाम बताएं, जो इनके बराबर हों?"