नई दिल्ली: आईपीएल 2026 से पहले एक बड़ी खबर सामने आई है. अमेरिका में बसे कारोबारी काल सोमानी ने IPL टीम राजस्थान रॉयल्स को भारी-भरकम कीमत पर खरीदने का समझौता किया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह सौदा करीब 1.63 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,300 करोड़ रुपये में हुआ है. यह अधिग्रहण आगामी सीजन (2026) के बाद लागू होगा. इस डील को आईपीएल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है, जिससे लीग की वैश्विक लोकप्रियता भी झलकती है.
राजस्थान रॉयल्स की यह बिक्री आईपीएल के इतिहास की सबसे बड़ी डील बन गई है. इससे पहले गुजरात टाइटंस में हिस्सेदारी खरीदने का सौदा काफी चर्चित रहा था. इस नए समझौते ने फ्रेंचाइजी वैल्यूएशन के नए मानक तय कर दिए हैं और लीग की आर्थिक ताकत को और मजबूत दिखाया है.
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की शुरुआती आठ फ्रेंचाइजी में शामिल Rajasthan Royals टीम की मौजूदा मालिकाना संरचना में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, क्योंकि फ्रेंचाइजी की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी नए निवेशकों के हाथों में चली गई है.
अब तक फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े हिस्सेदार मनोज बदाले थे, जिनके पास करीब 65 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. इसके अलावा 15 प्रतिशत हिस्सेदारी अमेरिकी निवेश फर्म RedBird Capital के पास थी, जबकि 13 प्रतिशत हिस्सा ब्रिटिश उद्योगपति लछलन मर्डोक के नाम था. शेष 7 प्रतिशत हिस्सेदारी अन्य निवेशकों के पास थी.
पिछले सीजन के समापन के कुछ महीनों बाद ही फ्रेंचाइजी के मौजूदा मालिकों ने इसे बेचने का निर्णय लिया था. इसके बाद से ही बिक्री की प्रक्रिया शुरू हो गई और कई बड़े कारोबारी समूह इस रेस में शामिल हो गए. 15 मार्च को बोली लगाने की अंतिम तारीख तय की गई थी, जिसमें कई दिग्गज निवेशकों ने रुचि दिखाई.
भारतीय मूल के अमेरिकी उद्योगपति काल सोमानी के नेतृत्व वाले एक समूह ने सबसे ऊंची बोली लगाकर फ्रेंचाइजी को खरीद लिया. इसमें दुनिया की प्रमुख रिटेल कंपनी Walmart के मालिक वॉल्टन परिवार से जुड़े रॉब वॉल्टन और Ford Motor Company से संबंध रखने वाली शीला फोर्ड हैम्प भी शामिल हैं.
हालांकि, इस नए समूह में किस निवेशक की कितनी हिस्सेदारी होगी, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है. इतना जरूर है कि यह डील आईपीएल इतिहास की बड़ी डील मानी जा रही है. खास बात यह भी है कि इस समूह से जुड़े कुछ निवेशक अमेरिकी खेल लीग NFL में भी टीमों के मालिक रह चुके हैं. फ्रेंचाइजी के नए मालिकों के आने से टीम के संचालन और रणनीति में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नया प्रबंधन राजस्थान रॉयल्स को आने वाले सीजन में किस दिशा में ले जाता है.
काल सोमानी एक अनुभवी उद्यमी हैं, जो टेक्नोलॉजी, डेटा प्राइवेसी और एआई गवर्नेंस जैसे क्षेत्रों में काम कर चुके हैं. वे IntraEdge और Truyo जैसे प्लेटफॉर्म के संस्थापक हैं. खेल क्षेत्र में भी उनकी दिलचस्पी रही है और वे पहले भी राजस्थान रॉयल्स में निवेशक रह चुके हैं.