फाइनल से पहले क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज, इस दिन होगा IPL 2026 का आगाज
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. IPL के आगामी सीजन की शुरूआत इसी महीने के आखिरी में हो जाएगी. IPL 2026 का उद्घाटन मैच 28 मार्च को खेला जाएगा.
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत अब 28 मार्च से होगी. इस बात की जानकारी ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले दी. पहले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 26 मार्च से होने वाली थी, लेकिन कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के कारण तारीख में बदलाव किया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनाव होने की वजह से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए टूर्नामेंट का कार्यक्रम बदला गया है. हालांकि, अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 का पूरा शेड्यूल आधिकारिक तौर पर जारी नहीं किया है.
विधानसभा चुनाव के चलते शेड्यूल में बदलाव
इन चुनावी राज्यों में कुछ ऐसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम हैं, जहां IPL के मुकाबले अक्सर खेले जाते हैं. तमिलनाडु के चेन्नई में स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम चेन्नई सुपर किंग्स का घरेलू मैदान है. वहीं, कोलकाता का ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का होम ग्राउंड है. इसके अलावा असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान रहा है.
दो चरणों में होगा टूर्नामेंट
चुनावों के कारण इस बार भी IPL का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी होने की संभावना जताई जा रही है. इससे पहले जब-जब देश में आम चुनाव या बड़े विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का कार्यक्रम चरणों में घोषित किया गया था. 2009, 2014, 2019 और 2024 के चुनावों के दौरान भी इसी तरह का तरीका अपनाया गया था.
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा फाइनल
इस बार IPL 2026 का उद्घाटन मैच और फाइनल मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने की पुष्टि हो चुकी है. कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष मेनन ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट का पहला मैच और खिताबी मुकाबला इसी मैदान पर आयोजित किया जाएगा. पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पांच घरेलू मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी.
क्या है टूर्नामेंट की परंपरा?
वहीं, टीम के बाकी दो घरेलू मुकाबले छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे. गौरतलब है कि IPL में परंपरा रही है कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल मुकाबला मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर ही कराया जाता है. इसी परंपरा को जारी रखते हुए इस बार बेंगलुरु को मेजबानी दी गई है.
और पढ़ें
- टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले क्रिकेट फैंस के लिए गुड न्यूज, इस दिन होगा IPL 2026 का आगाज
- T20 World Cup 2026: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कितना स्कोर है जीत की गारंटी?
- मैदान पर छक्के छुड़ाने वाले पृथ्वी शॉ प्यार में हुए 'क्लीन बोल्ड', लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड से की सगाई; यहां जानें दुल्हनिया की पूरी कुंडली