'ये क्या डाल रहा है भाई.......?' क्रुणाल के बॉलिंग एक्शन पर काव्या मारन का मजेदार रिएक्शन हुआ वायरल

मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मुकाबले के दौरान एक और चीज ने सबका ध्यान खींचा, वह थी क्रुणाल पांड्या की अनोखी गेंदबाजी शैली. उनकी गेंदबाजी शैली ने SRH की मालकिन काव्या मारन का भी ध्यान अपनी ओर खींचा.

ANI & X (@rohann__45)
Meenu Singh

नई दिल्ली: RCB और SRH के बीच खेले गए मुकाबले में दर्शकों को चौकों-छक्कों की ऐसी बरसात देखने को मिली, जिसने पूरे स्टेडियम का माहौल बदल दिया. हालांकि मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मुकाबले के दौरान एक और चीज ने सबका ध्यान खींचा, वह थी क्रुणाल पांड्या की अनोखी गेंदबाजी शैली. उनके अलग अंदाज के एक्शन और बाउंसरों ने न सिर्फ बल्लेबाजों को चौंकाया, बल्कि स्टैंड में बैठीं SRH की मालकिन काव्या मारन भी हैरान नजर आईं.

क्रुणाल की गेंदबाजी ने काव्या मारन को भी चौकाया

मैच के दौरान क्रुणाल ने अपनी गेंदबाजी में कई तरह के प्रयोग किए. उन्होंने साइड-आर्म एक्शन और छोटे गेंदों का इस्तेमाल कर बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश की. कैमरे में कैद काव्या मारन की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, जहां फैंस ने अंदाजा लगाया कि वह शायद क्रुणाल के गेंदबाजी एक्शन को लेकर आश्चर्य जता रही थीं.

इस दौरान कहती दिखी कि 'ये क्या डाल रहा है भाई...'. हालांकि, गेंदबाजी में क्रुणाल ज्यादा असरदार साबित नहीं हुए और उन्होंने दो ओवरों में 24 रन देकर सिर्फ एक विकेट हासिल किया.

हैदराबाद के बल्लेबाजों का तूफानी हमला

SRH की शुरुआत बेहद आक्रामक रही. अभिषेक शर्मा ने आते ही RCB के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उनके साथ ट्रेविस ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई.

ईशान और क्लासेन ने बढ़ाई मुश्किलें

मध्यक्रम में ईशान किशन (Ishan Kishan) ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने 46 गेंदों में 79 रन बनाकर आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली. किशन ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और रन गति को लगातार ऊंचा बनाए रखा. इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आरसीबी की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया.