IPL 2026: 'अर्शदीप पंजाब की हार का कारण.....' ऑफ फील्ड विवादों पर बॉलिंग कोच जेम्स होप्स ने तोड़ी चुप्पी
रविवार शाम पंजाब किंग्स की हार के बाद सोशल मीडिया पर इस हार का जिम्मेदार कहीं न कहीं मैदान के बाहर के विवादों को ठहराया जा रहा है. खासतौर पर अर्शदीप सिंह को, हालांकि अब इस पर पंजाब किंग्स के गेंदबाजी कोच ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
नई दिल्ली: IPL 2026 में लगातार हार से जूझ रही पंजाब किंग्स की मुश्किलें कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं. टीम अपने लगातार छह मुकाबले गंवा चुकी है और अब प्लेऑफ की उम्मीदें टूटती जा रही हैं. ऐसे मुश्किल दौर में सबसे ज्यादा सवाल तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के प्रदर्शन पर उठ रहे हैं, ये पूरा सीजन अर्शदीप की गेंदबाजी का जादू देखने को नहीं मिल रहा है.
हालांकि इन आलोचनाओं के बीच ही टीम के गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने खुलकर उनका समर्थन किया है. होप्स का मानना है कि अर्शदीप ने पूरे सीजन में मेहनत और जुझारूपन दिखाया है, भले ही आंकड़े उनके पक्ष में न हों.
अर्शदीप के समर्थन में उतरे जेम्स होप्स
पंजाब किंग्स के गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने पंजाब किंग्स की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अर्शदीप ने पूरे टूर्नामेंट में पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ गेंदबाजी की है. उन्होंने कहा कि कई मौकों पर टीम ने कैच छोड़े और अहम मौके गंवाए, जिसका असर गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी पड़ा.
होप्स के मुताबिक अर्शदीप हर मैच और हर ट्रेनिंग सेशन में पूरी तैयारी के साथ उतरते हैं और टीम के लिए लड़ने का जज्बा रखते हैं. इस सीजन में अर्शदीप ने अब तक 14 विकेट हासिल किए हैं, हालांकि उनकी इकॉनमी 9.78 रही है. बावजूद इसके टीम मैनेजमेंट का भरोसा उनके ऊपर कायम है.
मैदान के बाहर के विवाद भी बने चर्चा का विषय
पंजाब किंग्स इस सीजन सिर्फ खराब प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि मैदान से बाहर की घटनाओं को लेकर भी चर्चा में रही. खिलाड़ियों से जुड़े कुछ विवाद सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए, जिससे टीम पर अतिरिक्त दबाव बना. हालांकि जेम्स होप्स ने साफ कहा कि इन विवादों का टीम के प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है.
उन्होंने कहा कि असली समस्या यह रही कि टीम अहम मौकों पर खुद ही मैच से बाहर हो गई. उन्होंने आगे कहा कि, 'हर बार जब ऐसा लगता था कि हम जीत के करीब हैं, तो हम कुछ ऐसा कर बैठते थे जिससे हमें ही नुकसान होता था या हम खुद ही लड़खड़ा जाते थे.'
दूसरे हाफ में बिखरी पंजाब किंग्स
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब किंग्स इस सीजन दूसरे हाफ में पूरी तरह बिखरती हुई नजर आई. टीम कई करीबी मुकाबलों में जीत की स्थिति में पहुंचकर भी हार गई. अब उनके पास सिर्फ एक मैच बचा है और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें न केवल जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा.
पंजाब के सामने करो या मरो की स्थिति है. अय्यर की सेना अपना आखिरी मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है जोकि पहले से ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है.