FIFA World Cup 2026

IPL 2026: मुश्किल में कोहली की टीम, पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुआ तेज गेंदबाज; टीम के डायरेक्टर ने कही ये बात

यश दयाल ने पिछले आईपीएल सीजन में RCB के लिए प्रभावशाली गेंदबाजी की थी. उन्होंने कुल 13 विकेट लेकर टीम के लिए अहम योगदान दिया था.

@nehraji779
Anuj

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन इससे पहले RCB को एक और बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. इस खबर की पुष्टि टीम के डायरेक्टर मो बोबाट ने की है. इससे पहले टीम को जोश हेजलवुड के रूप में बड़ा झटका लग चुका है. जानकारी के अनुसार, जोश हेजलवुड शुरूआती मैचों के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.

RCB के डायरेक्टर मो बोबाट ने कहा कि यश दयाल इस पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. उन्होंने बताया कि खिलाड़ी निजी कारणों के कारण इस समय टीम से दूर हैं. हालांकि, टीम मैनेजमेंट उनकी स्थिति को लेकर लगातार संपर्क में है और उन्हें पूरा समर्थन दिया जा रहा है. फ्रेंचाइजी ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है, जिससे आगे की रणनीति पर सवाल बने हुए हैं.

पिछले सीजन में किया शानदार प्रदर्शन

यश दयाल ने पिछले आईपीएल सीजन में RCB के लिए प्रभावशाली गेंदबाजी की थी. उन्होंने कुल 13 विकेट लेकर टीम के लिए अहम योगदान दिया था. उनकी स्विंग और डेथ ओवरों में गेंदबाजी टीम के लिए उपयोगी साबित हुई थी. ऐसे में उनका इस सीजन से बाहर होना RCB के गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर कर सकता है.


ट्रेनिंग कैंप में शामिल नहीं हुए यश दयाल

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से यश दयाल को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी. वह टीम के ट्रेनिंग कैंप में शामिल नहीं हुए थे, जिससे उनके खेलने को लेकर संदेह बढ़ गया था. हाल ही में सोशल मीडिया पर RCB की टीम बस की तस्वीरें भी सामने आई थी, जिनमें अन्य खिलाड़ियों के चेहरे नजर आए, लेकिन यश दयाल की तस्वीर गायब थी. इससे भी उनके बाहर होने के संकेत मिल रहे थे.

टीम के सामने बड़ी चुनौती

मो बोबाट ने यह भी कहा कि फ्रेंचाइजी ने हमेशा यश दयाल का समर्थन किया है और इसी वजह से उन्हें पहले रिटेन किया गया था. वह अभी भी टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं और भविष्य में वापसी की उम्मीद बनी हुई है. हालांकि, मौजूदा हालात में RCB के लिए गेंदबाजी संयोजन तैयार करना एक बड़ी चुनौती होगी, खासकर तब जब टूर्नामेंट शुरू होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं.