नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का आगाज हो चुका है. टूर्नामेंट के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा. पिछले सीजन में दोनों टीमों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, ऐसे में इस बार वे जीत के साथ अभियान शुरू करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी.
मुंबई इंडियंस ने पिछले सीजन में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई. वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम टॉप-4 में भी जगह नहीं बना सकी थी. इस बार दोनों ही टीमों ने अपने कप्तानों पर भरोसा कायम रखा है. हार्दिक पांड्या लगातार तीसरे सीजन में मुंबई की कप्तानी करेंगे, जबकि अजिंक्य रहाणे एक बार फिर केकेआर की कमान संभालते नजर आएंगे.
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले जा चुके हैं. इनमें मुंबई इंडियंस ने 24 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि केकेआर को सिर्फ 11 मुकाबलों में सफलता मिली है. आंकड़ों से साफ है कि मुंबई का पलड़ा इस मुकाबले में भारी नजर आता है.
वानखेड़े में दोनों टीमों के बीच खेले गए मुकाबलों में भी मुंबई का प्रदर्शन शानदार रहा है. यहां हुए 12 मैचों में से 10 बार मुंबई ने जीत दर्ज की, जबकि केकेआर को सिर्फ 2 बार ही सफलता मिली है. घरेलू मैदान का फायदा भी मुंबई को मजबूत स्थिति में रखता है.
इस मुकाबले में रोहित शर्मा पर खास नजरें रहने वाली हैं. उन्होंने केकेआर के खिलाफ 35 मैचों में 1083 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि, वानखेड़े में उनका प्रदर्शन थोड़ा साधारण रहा है, जहां उन्होंने 11 मैचों में 238 रन बनाए हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मुंबई इंडियंस अपने शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखती है या केकेआर इस बार इतिहास बदलने में सफल होती है. मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है.
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज हो चुका है. इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL की गिनती दुनिया की सबसे सफल लीग में की जाती है. IPL 2026 में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं. टूर्नामेंट में कुल 74 मैच खेले जाएंगे. IPL के इस सीजन को लेकर BCCI ने कुछ नए नियम भी बनाए है.