'पंचिंग बैग बन जाता हूं...', क्या लखनऊ की टीम से अलग हो जाएंगे ऋषभ पंत? संजीव गोयनका ने दिया चौंकाने वाला जवाब
संजीव गोयनका ने कहा कि लोग लगातार यह अटकलें लगाते हैं कि ऋषभ पंत लखनऊ की टीम में रहेंगे या नहीं. मैं इन सब पर सिर्फ हंसता हूं.
नई दिल्ली: IPL 2026 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत को लेकर चल रही अटकलों पर टीम मालिक संजीव गोयनका ने स्पष्ट रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि पंत टीम का अहम हिस्सा हैं और उनके जाने की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं.
गोयनका ने सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हर सीजन के दौरान वह खुद को 'पंचिंग बैग' की तरह महसूस करते हैं. उनके मुताबिक, कई प्लेटफॉर्म्स सिर्फ ध्यान खींचने के लिए इस तरह की बातें फैलाते हैं. उन्होंने साफ कहा कि पंत के टीम छोड़ने जैसी बातें निराधार हैं और वह इन्हें गंभीरता से नहीं लेते.
पिछले सीजन में पंत का खराब प्रदर्शन
संजीव गोयनका ने कहा कि लोग लगातार यह अटकलें लगाते हैं कि ऋषभ पंत लखनऊ की टीम में रहेंगे या नहीं. मैं इन सब पर सिर्फ हंसता हूं. कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को सिर्फ व्यूज चाहिए होते हैं. पिछला सीजन यानी आईपीएल 2025 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था.
7वें नंबर पर रही लखनऊ की टीम
उन्होंने 14 मैचों में 269 रन बनाए थे. इसके साथ ही टीम का प्रदर्शन भी संतोषजनक नहीं रहा और लखनऊ की टीम अंक तालिका में सातवें स्थान पर रही. कई अहम खिलाड़ियों की चोटों ने भी टीम को प्रभावित किया. गोयनका ने पंत का बचाव करते हुए कहा कि किसी भी कप्तान के प्रदर्शन का आकलन करते समय टीम की परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 की नीलामी में 27 करोड़ रुपये में खरीदा गया था. गोयनका ने माना कि टीम चयन और रणनीति में कुछ गलतियां हुई थी. लेकिन इस बार उन कमियों को सुधारने की कोशिश की गई है.
दिल्ली के खिलाफ लखनऊ का आगाज
आईपीएल 2026 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स ने संतुलित टीम बनाने पर ध्यान दिया है. टीम में मयंक यादव की वापसी की उम्मीद है. वहीं, मोहसिन खान और आवेश खान भी उपलब्ध हैं. इसके अलावा एनरिक नोर्किया और जोस इंग्लिस जैसे खिलाड़ियों को शामिल कर टीम को मजबूत किया गया है. लखनऊ सुपर जायंट्स अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी, जबकि टूर्नामेंट की शुरुआत 28 मार्च से होगी.
और पढ़ें
- लंदन आने-जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट चाहिए? कोहली ने दो इमोजी शेयर कर अफवाह पर लगाया ब्रेक, दिया ऐसा रिएक्शन
- ईंधन, सुरक्षा और खर्च... बिना दर्शकों के होगा PSL, युद्ध के बीच किस बात से घबराया पाकिस्तान?
- IPL 2026: 'दो-तीन हजार रन..' 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 के लिए साफ किए इरादे, रन नही ट्रॉफी है टारगेट