IPL 2026

IPL 2026: KKR ने आकाश दीप के रिप्लेसमेंट का किया ऐलान, दुबे को टीम में किया शामिल

दुबे के चयन पर पूर्व क्रिकेटर सुब्रोतो बनर्जी ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दुबे एक प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं, जो गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं.

Anuj

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. उनकी गैरमौजूदगी में फ्रेंचाइजी ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को टीम में शामिल करने का फैसला किया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, आकाश दीप के बाहर होने के बाद केकेआर मैनेजमेंट ने आकाश दीप के विकल्प के तौर पर सौरभ दुबे को चुना है. 28 वर्षीय दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं. इससे पहले वह सनराइजर्स हैदराबाद की टीम का हिस्सा रह चुके हैं. हालांकि, अब तक उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है.

पूर्व क्रिकेटर सुब्रोतो बनर्जी ने क्या कहा?

दुबे के चयन पर पूर्व क्रिकेटर सुब्रोतो बनर्जी ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दुबे एक प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं, जो गेंद को दोनों दिशाओं में स्विंग कराने की क्षमता रखते हैं. बनर्जी के अनुसार, उन्होंने दुबे के खेल को करीब से देखा है और उनका मानना है कि केकेआर का यह फैसला टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.

हर्षित राणा का रिप्लेसमेंट अबतक नहीं हुआ

वहीं, टीम के दूसरे तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी चोट के चलते इस सीजन से बाहर हो चुके हैं. हालांकि, उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया गया है. केकेआर मैनेजमेंट का कहना है कि वे एक उपयुक्त विकल्प की तलाश में हैं और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा.

मिनी ऑक्शन में नहीं बिके थे सौरभ दुबे

गौरतलब है कि सौरभ दुबे पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रह गए थे. उनकी बेस प्राइस 30 लाख रुपये थी और वह 'रजिस्टर्ड अवेलेबल प्लेयर पूल' का हिस्सा थे. आईपीएल के नियमों के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल करने के लिए इस सूची में होना जरूरी होता है. दुबे अब तक सीमित ओवरों के घरेलू मुकाबलों में खेल चुके हैं, लेकिन आईपीएल में डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में यह मौका उनके करियर के लिए अहम साबित हो सकता है.