menu-icon
India Daily

IPL की कामयाबी से डरा पाकिस्तान, अब इंटरनेशनल खिलाड़ियों को धमकी देने पर उतरा

मोहसिन नकवी ने कहा कि PCB का कानूनी विभाग उन सभी मामलों की जांच कर रहा है, जहां खिलाड़ियों ने PSL अनुबंध तोड़कर दूसरी लीग का रुख किया है.

Anuj
Edited By: Anuj
IPL की कामयाबी से डरा पाकिस्तान, अब इंटरनेशनल खिलाड़ियों को धमकी देने पर उतरा
Courtesy: X

नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के शुरू होने से ठीक पहले विदेशी खिलाड़ियों के हटने पर विवाद गहराता जा रहा है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ऐसे खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

उनका कहना है कि लीग से ऐन वक्त पर नाम वापस लेना अनुबंध का उल्लंघन है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा. दरअसल, हाल के दिनों में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने PSL से हटकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रुख किया है. ताजा मामला श्रीलंका के टी20 कप्तान दसुन शनाका का है, जो पहले लाहौर कलंदर्स के साथ जुड़े थे, लेकिन अब आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा बन गए हैं.

KKR से जुड़े ब्लेसिंग मुजरबानी

इससे पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी भी PSL छोड़कर कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ चुके हैं.  रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सीजन के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी. कॉर्बिन बॉश मुंबई इंडियंस से जुड़ गए थे और उन्होंने PSL से खुद को अलग कर लिया था.

मोहसिन नकवी की प्रतिक्रिया

इस घटनाक्रम के बाद मोहसिन नकवी ने कहा कि PCB का कानूनी विभाग उन सभी मामलों की जांच कर रहा है, जहां खिलाड़ियों ने PSL अनुबंध तोड़कर दूसरी लीग का रुख किया है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सकती है, ताकि भविष्य में कोई खिलाड़ी इस तरह का कदम न उठाए.

हालांकि, नकवी ने यह भी भरोसा जताया कि इन घटनाओं से PSL की प्रतिष्ठा पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि कई बड़े खिलाड़ी जैसे मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ और ग्लेन मैक्सवेल अब भी लीग का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर ऊंचा बना रहेगा.

बिना दर्शकों के होगा PSL

इसी बीच PCB ने PSL के शुरुआती चरण को दर्शकों के बिना आयोजित करने का फैसला लिया है. लीग के मुकाबले कराची और लाहौर में खेले जाएंगे, लेकिन स्टेडियम में दर्शकों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. PCB के अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर किसी भी खतरे से इनकार किया है. उनका कहना है कि सभी मैच सुरक्षित माहौल में कराए जाएंगे. लीग 26 मार्च से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू होगी और आयोजन में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी.