अहमदाबाद: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या आज अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस से भिड़ने जा रहे हैं. सोमवार शाम 07:30 बजे अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर ये मुकाबला होने वाला है. जहां एक ओर शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी. टीम पिछली लगातार तीन जीत के साथ अंक तालिका में छठवें स्थान पर है.
तो वहीं दूसरी ओर मुंबई इंडियंस अपनी लय वापसी का प्रयास कर रही है. टीम को पिछली लगातार चार मैच से हार का सामना करना पड़ा है, जिस कारण टीम अंक तालिका में सबसे नीचे दसवें पायदान पर है. कागजों पर तो उनकी टीम काफी अच्छी है, जिसमें रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट, मिशेल सेंटनर, तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि टीम उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन करने में नाकाम हो रही है. अब देखते हैं कि अहमदाबाद की पिच किसका साथ देती है.
दोनों टीमों के बीच आंकड़ों की बात करें तो दोनों टीमों ने अब तक आपस में कुल 8 मैच खेले हैं जिनमें से पांच मैच जीटी के पक्ष में रहा तो वहीं केवल तीन मैच में मुंबई इंडियंस ने बाजी मारी है.
अगर नरेंद्र मोदी स्टेडियम की बात की जाए तो यहां की पिच लाल और काली दोनों तरह की मिट्टी से बनी हुई है. इस मैदान पर अब तक केवल दो मैच खेले गए हैं, जो 2026 आईपीएल में खेले गए थे। दोनों ही मौकों पर स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिली है। भारत के बड़े स्टेडियमों में से एक इस मैदान का आकार भी लंबे तेज गेंदबाजों को गेंद को पिच पर जोर से मारने में मदद करता है.
आमतौर यहां की पिच T20 मैचों के लिए बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जो स्ट्रोक लगाने वाले बल्लेबाजों को सटीक उछाल और गेंद का अच्छा प्रवाह प्रदान करता है.
मौसम विभाग के अनुसार शुरुआत में अहमदाबाद का मौसम गर्म और धुंध से भरा रहने की उम्मीद है हालांकि शाम 7:30 बजे तापमान 30-32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और रात बढ़ने के साथ-साथ यह गिरकर 20 डिग्री सेल्सियस के तक पहुंच सकता है. साथ ही यहां पर बारिश की कोई संभावना नहीं है.
GT की संभावित प्लेइंग 11: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अशोक शर्मा, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा
इम्पैक्ट प्लेयर - शाहरुख खान
MI की संभावित प्लेइंग 11: क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह
इम्पैक्ट प्लेयर - एएम गजनफर