'CSK में आ रहे हो क्या भैया', IPL 2025 से पहले 'थलाइवा' बने Rishabh Pant, धोनी को करेंगे रिप्लेस?
IPL 2025 Rishabh Pant: स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत साल 2016 से ही दिल्ली की टीम से जुड़े रहे हैं. साल 2021 में श्रेयस अय्यर की चोट के बाद उन्हें कप्तानी सौंपी गई थी. अब खबर है कि फ्रेंचाइजी उन्हें रिलीज कर सकती है. अगर पंत मेगा ऑक्शन में आते हैं तो उन पर करोड़ों की बोली लग सकती है.
IPL 2025 Rishabh Pant: आईपीएल 2025 की तैयारी तेज है. अगले सीजन से पहले ऋषभ पंत के दिल्ली कैपिटल्स छोड़कर चेन्नई सुपर किंग्स में जाने की चर्चाएं तेज हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगर दिल्ली की टीम पंत को मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज करती है तो चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें अपने साथ जोड़ सकती है. हालांकि अभी इस बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं.
चेन्नई सुपर किंग्स में जाने की अफवाहों के बीच ऋषभ पंत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने कैप्शन में लिखा- थलाइवा. इस फोटो में पंत साउथ इंडस्ट्री के सुपर स्टार रजनीकांत के सैम पोज में बैठे हुए हैं, इस पोस्ट में फैंस ने मजेदार कमेंट किए और पूछ लिया कि भैया क्या धोनी की टीम में आ रहे हो?
पंत की इस पोस्ट पर एक यूजर ने लिखा सीएसके के लिए पहले धोनी, अब ऋषभ पंत. एक दूसरे यूजर ने लिखा 'वाह भाई क्या लग रहे हो, क्रिकेट के बाद फिल्मों में भी try करना.'
एमएस धोनी को रिप्लेस करेंगे या नहीं?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट में इस बात पर चर्चा हुई है कि पंत को जाने दिया जाए, जबकि फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक सौरव गांगुली पंत को कप्तान बनाए रखने के पक्ष में हैं. पंत को दिल्ली से चेन्नई लाने के संभावित कदम के बारे में पूछे जाने पर सीएसके के एक सूत्र ने कहा कि अगर धोनी अब और नहीं खेलना चाहते हैं, तो फ्रेंचाइजी देश के अगले शीर्ष विकेटकीपर को लाने की कोशिश करेगी. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या पंत सीएसके में एमएस धोनी को रिप्लेस करेंगे या नहीं?