नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरू होने से ठीक पहले दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है. खास बात यह है कि बेन डकेट ने यह कदम अपने अंतरराष्ट्रीय करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उठाया है.
हालांकि, इस फैसले के चलते इंग्लिश बल्लेबाज पर आईपीएल नियमों के तहत तीन साल के संभावित प्रतिबंध का खतरा भी मंडरा रहा है. दिल्ली कैपिटल्स ने मेगा ऑक्शन में बेन डकेट को 2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था. टीम मैनेजमेंट को उनसे बड़ी उम्मीदें थी.
माना जा रहा था कि वह ओपनिंग में केएल राहुल के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले ही उनके हटने से टीम की रणनीति पर असर पड़ा है. अपने फैसले पर बेन डकेट ने कहा कि यह उनके लिए आसान निर्णय नहीं था.
उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स से माफी मांगते हुए कहा कि जब उन्होंने ऑक्शन में हिस्सा लिया था, तब उन्हें लगा था कि यह उनके करियर का शानदार अवसर होगा. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी लीग है, जहां खेलना हर खिलाड़ी का सपना होता है.
डकेट ने आगे कहा कि वह यह नहीं जानते कि भविष्य में उन्हें आईपीएल में खेलने का मौका मिलेगा या नहीं. 31 साल की उम्र में वापसी आसान नहीं होती, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि एक दिन वह फिर से इस लीग में खेल सकेंगे. उनका मानना है कि मौजूदा समय में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को प्राथमिकता देना ही सही कदम है.
दरअसल, बेन डकेट इस समय इंग्लैंड टीम में अपनी जगह मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं. लगातार अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने और टीम में स्थिरता बनाए रखने के लिए उन्होंने फ्रेंचाइजी क्रिकेट से दूरी बनाने का फैसला किया है. हालांकि, आईपीएल के नियमों के अनुसार आखिरी समय में नाम वापस लेने वाले विदेशी खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है.
ऐसे में डकेट पर तीन साल तक आईपीएल में भाग लेने पर प्रतिबंध लगने की संभावना है, जो उनके टी20 करियर के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और लीग क्रिकेट के बीच संतुलन बनाना कितना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है.