Asian Games 2026: शूटिंग में भारत को एक और सिल्वर, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने रचा कमाल
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में 1890.1 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता.
भारत ने Asian Games में शूटिंग में एक और पदक अपने नाम कर लिया है. सोमवार, 21 सितंबर को पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता. भारतीय टीम ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए और चीन के बाद दूसरे स्थान पर रही.
चीन की टीम ने 1899.0 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता. चीन के शेंग लिहाओ, मा सिहान और झांग चांगहोंग ने मिलकर यह स्कोर बनाया, जो क्वालिफिकेशन वर्ल्ड रिकॉर्ड रहा. भारत की टीम 1890.1 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि दक्षिण कोरिया ने कांस्य पदक हासिल किया.
रुद्रांक्ष और हिमांशु व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचे
टीम स्पर्धा के साथ हुए व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में भी भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. रुद्रांक्ष पाटिल 631.8 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि हिमांशु ढिल्लों ने 630.0 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया. दोनों ने व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है. पार्थ माने 628.3 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे.
Also Read
व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में चीन के शेंग लिहाओ 635.4 अंक के साथ पहले और मा सिहान 633.0 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे. चीन के झांग चांगहोंग 630.6 अंक के साथ पांचवें स्थान पर थे, लेकिन एक देश से अधिकतम दो निशानेबाजों के फाइनल में पहुंचने के नियम के कारण उन्हें बाहर होना पड़ा.
शूटिंग में भारत का तीसरा सिल्वर
पुरुषों की इस सफलता के साथ एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत के पदकों की संख्या तीन हो गई है और तीनों सिल्वर मेडल हैं. इससे पहले 20 सितंबर को भारत ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सिल्वर जीता था. इसके बाद एलावेनिल वलारिवान ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत पदक हासिल किया. भारत के लिए अब रुद्रांक्ष पाटिल और हिमांशु ढिल्लों के व्यक्तिगत फाइनल पर नजर रहेगी. टीम सिल्वर के बाद दोनों के पास व्यक्तिगत स्पर्धा में भी पदक जीतने का मौका है.