नई दिल्ली: टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है. इस खिताबी जंग में टीम इंडिया ने टॉस के साथ ही अपनी रणनीति साफ कर दी है. कप्तान और कोच ने उन खिलाड़ियों पर दोबारा दांव खेला है जिन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में पसीना बहाया है. भले ही कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने विनिंग कॉम्बिनेशन को बरकरार रखते हुए अपने खिलाड़ियों के प्रति अटूट विश्वास दिखाया है.
भारतीय टीम ने प्लेइंग 11 में किसी भी तरह के फेरबदल से इनकार कर दिया है. यह फैसला दर्शाता है कि टीम नेतृत्व उन खिलाड़ियों का समर्थन करने के पक्ष में है जिन्होंने अब तक टूर्नामेंट में संघर्ष किया है. सेमीफाइनल की जीत के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि शायद कुछ बदलाव देखने को मिलें, लेकिन प्रबंधन ने साफ कर दिया कि वे एक या दो मैचों के खराब प्रदर्शन के आधार पर अपने मुख्य खिलाड़ियों को बाहर नहीं करेंगे.
Presenting #TeamIndia's Playing XI for the #Final 🙌
Updates ▶️ https://t.co/5LXBod8bl1#T20WorldCup | #MenInBlue | #INDvNZ pic.twitter.com/FkOPQTAn5p— BCCI (@BCCI) March 8, 2026Also Read
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के लिए यह वर्ल्ड कप अब तक मिला-जुला रहा है. उन्होंने टूर्नामेंट में केवल एक अर्धशतक जड़ा है, जिससे उनके फॉर्म को लेकर विशेषज्ञों के बीच चिंता बनी हुई थी. हालांकि उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली टीम के लिए पावरप्ले में काफी अहम मानी जाती है. फाइनल जैसे बड़े मंच पर अभिषेक के पास खुद को साबित करने और आलोचकों को जवाब देने का यह सबसे सुनहरा मौका होगा.
स्पिन गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती पिछले कुछ मैचों से दबाव में नजर आए हैं. विशेष रूप से सेमीफाइनल में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था, जहां उन्होंने 4 ओवरों के कोटे में 64 रन लुटा दिए थे. इस महंगे स्पेल के बाद प्लेइंग 11 में उनकी जगह को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे. इसके बावजूद. मैनेजमेंट ने उनकी रहस्यमयी स्पिन पर भरोसा बनाए रखा है और उन्हें फाइनल में फिर से जिम्मेदारी सौंपी है.
भारत की प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11: टिम सेफर्ट, फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर (कप्तान), डफी, मैट हेनरी. लॉकी फर्ग्यूसन.