menu-icon
India Daily

T20 World Cup Final: अर्शदीप ने मिचेल को मारी गेंद, बल्ला लेकर पीछे दौड़ पड़े कीवी बल्लेबाज; देखिये गरमा-गर्मी का वीडियो

अहमदाबाद में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया. हालांकि. मैच के दौरान अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के बीच हुई तीखी भिड़ंत ने काफी सुर्खियां बटोरीं.

KanhaiyaaZee
T20 World Cup Final: अर्शदीप ने मिचेल को मारी गेंद, बल्ला लेकर पीछे दौड़ पड़े कीवी बल्लेबाज; देखिये गरमा-गर्मी का वीडियो
Courtesy: X/@IPL2025Auction

नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए रोमांचक फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को मात देकर ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किया. 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने बेबस नजर आई. हालांकि मैच की सबसे ज्यादा चर्चा भारत की जीत के साथ-साथ मैदान पर हुए अर्शदीप सिंह और डेरिल मिचेल के टकराव की भी हो रही है. 

दरअसल, पारी के 11वें ओवर में गेंदबाजी करने आए अर्शदीप सिंह को डेरिल मिचेल ने दो लंबे छक्के जड़ दिए. ओवर की पांचवीं गेंद पर जब कोई रन नहीं बना और गेंद अर्शदीप के हाथों में गई, तो उन्होंने बिना किसी ठोस कारण के गेंद सीधे मिचेल की ओर फेंक दी. अर्शदीप का यह व्यवहार मिचेल को नागवार गुजरा और वे बेहद गुस्से में भारतीय गेंदबाज की ओर बढ़ गए. दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

कप्तान और अंपायर ने किया हस्तक्षेप 

मैदान पर बढ़ते तनाव को देखते हुए कप्तान सूर्यकुमार यादव और अंपायरों को फौरन बीच-बचाव करना पड़ा. मिचेल काफी आक्रामक मुद्रा में थे और हाथों से इशारे कर रहे थे. सूर्या ने धैर्य के साथ मिचेल को समझाया और शांत किया, जबकि अंपायर ने अर्शदीप से उनके आचरण को लेकर बात की. हालांकि खेल भावना का परिचय देते हुए ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप ने मिचेल से हाथ मिलाकर मामले को वहीं रफा-दफा कर दिया.

अक्षर का निर्णायक वार

हंगामे के ठीक बाद 13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल का अहम विकेट झटक लिया. मिचेल केवल 17 रन ही बना सके और उनके आउट होते ही न्यूजीलैंड की जीत की रही-सही उम्मीदें भी खत्म हो गई. भारतीय गेंदबाजों के शानदार तालमेल और दबाव की रणनीति ने कीवी टीम को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. पूरी कीवी टीम भारतीय प्रहार के सामने बिखर गई और भारत अंततः 96 रनों से विजयी रहा.