menu-icon
India Daily

कोलकाता पिच को लेकर उठ रहे सवाल, साउथ अफ्रीका के साइमन हार्मर ने दी अपनी राय

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच कोलकाता में खेला जा रहा है. इस मुकाबले की पिच को लेकर सवाल उठ रहे हैं और साइमन हार्मर ने अपनी राय दी है.

Simon Harmer
Courtesy: @Werries_

नई दिल्ली: कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चल रहे पहले टेस्ट मैच की पिच सुर्खियों में है. दूसरे दिन 16 विकेट गिरने के बाद फैंस और विशेषज्ञों ने इसे 'अनुचित' करार दिया. 

अब साउथ अफ्रीका के ऑफ-स्पिनर साइमन हार्मर ने इसकी तुलना 2015 की सीरीज से की और कहा कि यह पिच उससे कहीं बेहतर है. बता दें कि उन्होंने पिच का बचाव किया है और सवाल उठाने वालों को भी करारा जवाब दिया है.

मैच की मौजूदा स्थिति

मैच के दूसरे दिन की शुरुआत में भारत ने 37 रन पर 1 विकेट से अपनी पहली पारी आगे बढ़ाई. साउथ अफ्रीका ने पहले 159 रन बनाए थे. लेकिन भारतीय टीम महज 189 रन पर सिमट गई. 

जवाब में साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी भी लड़खड़ा गई और दिन का खेल खत्म होने तक वे 93 रन पर 7 विकेट खो चुके थे. इस तरह उनकी बढ़त सिर्फ 63 रन की रह गई. 

पिच पर विवाद और आलोचना

दूसरे दिन इतने विकेट गिरने से पिच पर सवाल खड़े हो गए. कई लोग इसे 'खराब' या 'खेल के खिलाफ' बता रहे हैं. फैंस सोशल मीडिया पर बहस कर रहे हैं कि ऐसी पिच टेस्ट क्रिकेट की भावना के अनुरूप नहीं है. विशेषज्ञों का मानना है कि बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल हो गया है.

हार्मर की राय: 2015 से बेहतर पिच

साइमन हार्मर ने दिन के अंत में अपनी राय दी. उन्होंने कहा कि 2015 की भारत दौरे वाली पिचें इससे कहीं खराब थीं. मोहाली और नागपुर में तो पहली दिन से ही पिच टूटने लगी थी. वहां गड्ढे बन गए थे और हर गेंद पर कुछ न कुछ हो रहा था.

हार्मर ने कहा, “2015 की पिचें शायद इससे बुरी थीं. मोहाली में तो दिन एक से ही सब बिखर गया, नागपुर भी वैसा ही. यहां गेंद घूम रही है, लेकिन हर बॉल पर नहीं. भारत जीतना चाहता है इसलिए अपनी मर्जी की पिच बनाता है. हमें उनके घर में उन्हें हराने का तरीका ढूंढना होगा.”

भारत के खिलाफ किया था डेब्यू

2015 में हार्मर ने अपना टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने मोहाली और नागपुर के दो मैच खेले, जो तीन दिन में खत्म हो गए. साउथ अफ्रीका एक भी पारी में 200 रन नहीं बना पाई, जबकि भारत का सबसे बड़ा स्कोर 215 था. 

Topics