IND vs ENG 2nd Test: टीम इंडिया 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला हार चुकी है. अब दूसरा टेस्ट 2 फरवरी से विशाखापत्तनम के वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम में होना है, जिसमें टीम इंडिया बड़े बदलावों के साथ मैदान में उतर सकती है. सीरीज में बराबरी करने के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए प्लेइंग-11 चुनना सिरदर्द से कम नहीं होगा. माना जा रहा है कि दूसरे टेस्ट में वह 2 खिलाड़ियों का डेब्यू करा सकते हैं.
टीम इंडिया अपने स्टार खिलाड़ियों की कमी से जूझ रही है. मोहम्मद शमी और विराट कोहली स्क्वाड में नहीं हैं. रवींद्र जडेजा, केएल राहुल चोटिल होकर दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं. शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. कप्तान रोहित खुद रनों के लिए जूझ रहे हैं. यही वजह है कि दूसरे टेस्ट में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
शुभमन गिल इस वक्त फॉर्म से जूझ रहे हैं. टेस्ट में उनके आंकडे़ निराशाजनक करने वाले हैं. लागातार मौके मिलने के बाद भी यह युवा बल्लेबाज फ्लॉप हो रहा है. उन्होंने पिछले 6 टेस्ट मैचों की 11 पारियों से कोई फिफ्टी नहीं लगाई है. इस बैटर का आखिरी अर्धशतक मार्च 2023 में आया था, तब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में सीधे 128 रनों की पारी खेलकर शतक ही जमाया था. इसके बाद से ही वह रनों के लिए तरस रहे हैं. इसलिए दूसरे टेस्ट से उनकी छुट्टी हो सकती है.
दाएं हाथ के युवा बल्लेबाज श्रेयस अय्यर का हाल भी शुभमन गिल की तरह है. इन्होंने पिछले 6 टेस्ट की 10 पारियों से फिफ्टी नहीं लगाई है. अय्यर ने आखिरी बार दिसंबर 2022 में टेस्ट में फिफ्टी जमाई थी, तब उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर टेस्ट की पहली पारी में 87 रन बनाए थे. इसके बाद से ही अय्यर रनों के लिए जूझ रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा उन्हें मौका नहीं देंगे.
दूसरे टेस्ट से अगर शुभमन गिल और अय्यर को बाहर बैठाया जाता है तो फिर गिल की जगह रजत पाटीदार और अय्यर की जगह सरफराज खान को मौका मिल सकता है. अगर गिल-अय्यर में से कोई एक भी बाहर होता है तब भी रजत-सरफराज को मौका मिलना तय है, क्योंकि पहले टेस्ट में चोटिल होकर केएल राहुल दूसरे टेस्ट से बाहर हैं. ऐसे में उनकी जगह भरी जाएगी. अगर गिल या फिर अय्यर की छुट्टी होती है तो सरफराज-पाटीदार दोनों का नंबर लग सकता है.
रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुभमन गिल/रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, सरफराज खान/रजत पाटीदार, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह.