अफगानिस्तान सीरीज में उतरते ही रोहित शर्मा रचेंगे इतिहास! टूटेगा 42 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड, हिटमैन मोहिंदर अमरनाथ को छोड़ेंगे पीछे
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में मैदान पर उतरते ही रोहित शर्मा भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे.
नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज उनके लिए सिर्फ एक और श्रृंखला नहीं, बल्कि इतिहास रचने का मौका है. लंबे समय से भारतीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाने वाले रोहित अब एक ऐसे रिकॉर्ड के करीब पहुंच गए हैं, जो दशकों से कायम है.
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में मैदान पर उतरते ही रोहित शर्मा भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे. फिटनेस जांच में सफल रहने के बाद BCCI की मेडिकल टीम ने उन्हें सीरीज में खेलने की मंजूरी दे दी है. 13 जून को होने वाले पहले मुकाबले में उनकी उम्र 39 वर्ष और 44 दिन होगी.
मोहिंदर अमरनाथ को छोड़ेंगे पीछे
अब तक यह रिकॉर्ड 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य और पूर्व ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ के नाम दर्ज है. अमरनाथ ने जब भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, तब उनकी उम्र 39 वर्ष और 36 दिन थी. रोहित इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए नया भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे.
Also Read
- IND vs AFG Live Updates, 1st ODI: धर्मशाला में बारिश का कहर! रद्द होने की कगार पर पहला मुकाबला
- ‘मुझे लगा था करियर खत्म हो गया...’, विश्व कप के हीरो रहे संजू सैमसन ने बयां किया अपना दर्द, T20I WC ने बदली किस्मत
- वैभव के बाद अब छोटे भाई आशीर्वाद ने बटोरी सुर्खियां, महज 10 साल की उम्र में जड़ा शतक; 'बॉस बेबी' ने दी बधाई
फिटनेस और फॉर्म पर रहेगी नजर
IPL के दौरान हैमस्ट्रिंग की हल्की चोट से जूझने के बावजूद रोहित समय पर पूरी तरह फिट होकर टीम में लौटे हैं. ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज उनके मैच फिटनेस स्तर की भी एक अहम परीक्षा मानी जा रही है. टीम प्रबंधन यह देखना चाहेगा कि वह लंबे अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के लिए कितने तैयार हैं.
2027 विश्व कप की तैयारी का आगाज
भारतीय टीम इस सीरीज के साथ 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत कर रही है. दक्षिण अफ्रीका में होने वाले इस बड़े टूर्नामेंट से पहले भारत को करीब 25 वनडे मैच खेलने हैं. ऐसे में टीम संयोजन, खिलाड़ियों की भूमिका और भविष्य की रणनीति को लेकर यह सीरीज महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
बल्लेबाजी क्रम में दिख सकता है बदलाव
रोहित शर्मा और शुभमन गिल के पारी की शुरुआत करने की संभावना है. वहीं, विराट कोहली की गैरमौजूदगी में नंबर तीन पोजिशन पर ईशान किशन और यशस्वी जायसवाल दोनों में से कोई एक खेलते दिख सकते है. इसके अलावा टीम प्रबंधन ऑलराउंडर विकल्प के रूप में नीतीश कुमार रेड्डी के प्रदर्शन पर भी विशेष नजर रखेगा.