हार्दिक की फिटनेस पर फिर संकट! 10 ओवर गेंदबाजी का सवाल, BCCI तलाश रही विकल्प

अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए BCCI ने टीम की घोषणा कर दी है. हालांकि टीम के ऐलान के समय बोर्ड को दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर संशय था वो संशय अभी भी बना हुआ है. 

ANI
Meenu Singh

नई दिल्ली: अगले महीने अफगानिस्तान की टीम भारत के दौरे पर होगी. भारत और अफगानिस्तान को आपस में एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलना है. जिसके लिए पहले ही टीम का ऐलान हो चुका है. हालांकि टीम के ऐलान के समय बोर्ड को दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर संशय था वो संशय अभी भी बना हुआ है. 

अब एक बार फिर हार्दिक पांड्या की फिटनेस चर्चा का विषय बन गई है. विश्व के बेहतरीन ऑलराउंडर में गिने जाने वाले हार्दिक को लेकर अब BCCI पूरी तरह आश्वस्त नजर नहीं आ रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी फिटनेस को लेकर उठ रहे सवालों का असर 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों पर भी पड़ सकता है. यही वजह है कि चयनकर्ता अब उनकी गेंदबाजी क्षमता पर खास नजर बनाए हुए हैं.

फिटनेस टेस्ट में होना होगा पास

हालांकि हार्दिक पांड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह दी गई है, लेकिन मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ कहा है कि उनकी अंतिम उपलब्धता फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगी. बताया जा रहा है कि चयन समिति उनकी मैच फिटनेस, खासकर लंबे स्पेल में गेंदबाजी करने की क्षमता को लेकर पूरी तरह संतुष्ट नहीं है.

10 ओवर गेंदबाजी बनी चिंता की वजह

रिपोर्ट के अनुसार, BCCI चयनकर्ताओं की सबसे बड़ी चिंता यह है कि हार्दिक लगातार 10 ओवर गेंदबाजी कर पाएंगे या नहीं. वनडे क्रिकेट में एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर से पूरे कोटे के ओवर पूरे करने की उम्मीद रहती है, लेकिन हार्दिक पिछले कुछ समय से ऐसा नहीं कर पाए हैं. इसी कारण बोर्ड उनके फिटनेस स्तर का गंभीरता से मूल्यांकन कर रही है.

पहले से तैयार विकल्प

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले भारतीय टीम जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेली थी. उस सीरीज में भी हार्दिक को 10 ओवर गेंदबाजी की मंजूरी नहीं मिली थी. अगर इस सीरीज में भी वही स्थिति होती है तो बीसीसीआई ने पहले से ही अपने बैकअप तैयार कर रखे हैं. BCCI हार्दिक की अनुपस्थिती में युवा ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा को जगह दे सकती है.