IPL 2026 US Israel Iran War

'खुद कप्तानी छोड़ोगे या PCB हटाएगा', पत्रकार के सवाल पर क्या बोले पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा?

मैच के बाद कप्तान सलमान अली आगा को मीडिया के कठिन सवालों का सामना करना पड़ा. एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वे खुद कप्तानी छोड़ेंगे या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें हटाएगा? इस पर कप्तान ने कहा कि कोई भी फैसला होगा, भावनात्मक होगा.

@sujeetKharwar08
Anuj

नई दिल्ली: श्रीलंका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 5 रन की जीत दर्ज करने के बावजूद पाकिस्तान टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर खत्म हो गया. लगातार चौथे आईसीसी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक न पहुंच पाने से पाकिस्तानी क्रिकेट में निराशा और सवाल दोनों खड़े गए हैं. इससे पहले टीम 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी में भी अंतिम चार तक नहीं पहुंच सकी थी.

सुपर-8 चरण के इस निर्णायक मैच में पाकिस्तान के सामने स्पष्ट लक्ष्य था. टीम अगर श्रीलंका को 147 रन या उससे कम पर रोक लेती, तो सेमीफाइनल में जगह बना सकती थी. लेकिन श्रीलंका ने शानदार बल्लेबाजी की और पाकिस्तान का सपना चकनाचूर कर दिया. 

कप्तान पर दागे सवाल

मैच के बाद कप्तान सलमान अली आगा को मीडिया के कठिन सवालों का सामना करना पड़ा. एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या वे खुद कप्तानी छोड़ेंगे या पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें हटाएगा? इस पर कप्तान ने कहा कि कोई भी फैसला होगा, भावनात्मक होगा.

टीम प्रबंधन जल्दबाजी में निर्णय नहीं करेगा और दो दिन के भीतर आगे की दिशा तय की जाएगी. दूसरे सवाल में टीम के हेड कोच माइक हेसन के प्रभाव और कप्तान की भूमिका पर सवाल उठाया गया. इस पर सलमान ने कहा कि टीम का संचालन किसी एक व्यक्ति के फैसलों से नहीं होता, बल्कि सभी हितधारकों की सहमति से होता है.

बाबर की भूमिका पर भी उठे सवाल

टूर्नामेंट में पूर्व कप्तान बाबर आजम की बल्लेबाजी और स्ट्राइक रेट को लेकर लगातार आलोचना हुई. इस पर कप्तान ने स्पष्ट किया कि बाबर को मध्यक्रम में स्थिरता देने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि टीम अचानक विकेट गिरने की स्थिति से बच सके.

साहिबजादा फरहान का शानदार शतक

श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 212/8 का मजबूत स्कोर खड़ा किया. साहिबजादा फरहान ने शानदार शतक जड़ा, जबकि फखर जमां ने 84 रन की तेज पारी खेली. लेकिन गेंदबाज उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके और श्रीलंका के खिलाफ जमकर रन लुटाए. खासकर, आखिरी ओवर में श्रीलंका के बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों के छक्के छुड़ा दिए.

कप्तान आगा का फ्लॉप प्रदर्शन

पूरे टूर्नामेंट में कप्तान सलमान अली आगा का बल्ला खामोश रहा. उन्होंने 6 पारियों में केवल 60 रन बनाए. उनकी रणनीतियों पर भी सवाल उठे और कई पूर्व खिलाड़ियों ने चयन और निर्णयों की आलोचना की.