ICC ने इस देश पर चलाया अपना हंटर, खराब प्रदर्शन देखकर छीन लिया ODI क्रिकेट का दर्जा
ICC ने संयुक्त राज्य अमेरिका की महिला टीम से वनडे क्रिकेट का दर्जा छीन लिया है. बता दें कि अमेरिका के खराब प्रदर्शन की वजह से ये फैसला लिया गया है और उनके स्थान पर यूएई को जगह दी गई है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने महिला क्रिकेट में एक बड़ा फैसला लिया है. 2025-29 चक्र के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को ODI स्टेटस दे दिया गया है, जबकि अमेरिका (USA) से यह दर्जा छीन लिया गया है. यह बदलाव 12 मई से लागू होगा.
ICC ने 2025-29 चक्र के लिए 16 महिला टीमों को ODI स्टेटस दिया है, जिसमें UAE ने नई एंट्री मारी है. UAE ने T20I रैंकिंग में 16वें स्थान के आधार पर यह दर्जा हासिल किया. इसके साथ ही थाईलैंड, नीदरलैंड, पापुआ न्यू गिनी (PNG) और स्कॉटलैंड ने भी अपना ODI स्टेटस बरकरार रखा है.
अमेरिका से क्यों छिना स्टेटस?
अमेरिका की महिला क्रिकेट टीम को खराब प्रदर्शन की वजह से ODI स्टेटस गंवाना पड़ा. ICC के नियमों के अनुसार, टीमों को तीन से चार साल में कम से कम आठ ODI मैच खेलने होते हैं और रैंकिंग में अच्छा प्रदर्शन करना होता है. अमेरिका इस मानदंड को पूरा नहीं कर सका, जिसके चलते उसे बाहर का रास्ता दिखाया गया.
विश्व कप क्वालिफायर में स्कॉटलैंड और थाईलैंड का प्रदर्शन
पाकिस्तान में हुए महिला ODI विश्व कप क्वालिफायर टूर्नामेंट ने कई टीमों की किस्मत तय की. स्कॉटलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज और थाईलैंड को हराया और छह टीमों के टूर्नामेंट में चौथा स्थान हासिल किया. दूसरी ओर, थाईलैंड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उसने सभी पांच मैच गंवाए. फिर भी, थाईलैंड ने अपनी T20I रैंकिंग के दम पर ODI स्टेटस बरकरार रखा.
पाकिस्तान और बांग्लादेश ने बनाई विश्व कप में जगह
विश्व कप क्वालिफायर से पाकिस्तान और बांग्लादेश ने भारत में होने वाले महिला ODI विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया. हालांकि, पाकिस्तान अपने मैच भारत में न खेलकर तटस्थ स्थान पर खेलेगा. यह टूर्नामेंट इस साल के अंत में शुरू होगा.
PNG और नीदरलैंड की स्थिरता
पापुआ न्यू गिनी (PNG) और नीदरलैंड ने T20I रैंकिंग में क्रमशः 13वें और 15वें स्थान के आधार पर अपना ODI स्टेटस बचाया. दोनों टीमें नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, जिसके चलते उन्हें इस चक्र में भी मौका मिला है. ICC के नियमों के तहत T20I रैंकिंग भी ODI स्टेटस तय करने में अहम भूमिका निभाती है.