menu-icon
India Daily

IPL 2027: मुंबई इंडियंस को मिलेगा नया कप्तान! इन दो खिलाड़ियों में किसकी खुलेगी किस्मत?

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस में हार्दिक पंड्या के भविष्य को लेकर तस्वीर बदलती दिख रही है. उनके रुकने की संभावना है, जबकि कप्तानी के लिए तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह प्रमुख दावेदार बताए जा रहे हैं.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
IPL 2027: मुंबई इंडियंस को मिलेगा नया कप्तान! इन दो खिलाड़ियों में किसकी खुलेगी किस्मत?
Courtesy: ANI

मुंबई इंडियंस की IPL 2027 की तैयारियों में कप्तानी सबसे बड़ा सवाल बनती जा रही है. हार्दिक पंड्या को ट्रेड करने की चर्चाओं के बीच अब उनके टीम में बने रहने की संभावना बढ़ गई है. ऐसे में कप्तानी को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने फ्रेंचाइजी को पांच खिताब दिलाए जरूर हैं, लेकिन वह दोबारा कप्तानी संभालने के इच्छुक नहीं हैं. हालांकि, नए कप्तान के चयन में उनकी भूमिका अहम रह सकती है.

हार्दिक के ट्रेड पर नहीं बनी बात

मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या के लिए दूसरी टीम तलाशने की कोशिश की थी. कोलकाता नाइट राइडर्स से भी बातचीत हुई, जहां कैमरून ग्रीन के बदले हार्दिक को लेने का प्रस्ताव सामने आया. मगर ग्रीन की फिटनेस और लगातार खेलने के बोझ को लेकर मुंबई संतुष्ट नहीं थी. इसी वजह से सौदा आगे नहीं बढ़ सका. चेन्नई सुपर किंग्स के साथ भी चर्चा की संभावना है, लेकिन फिलहाल हार्दिक के मुंबई में बने रहने के आसार ज्यादा हैं.

कप्तानी की रेस में दो बड़े नाम

अगर हार्दिक मुंबई में रहते हैं, तब भी कप्तानी को लेकर तस्वीर अलग हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह इस दौड़ में सबसे आगे हैं. युवा तिलक को भविष्य के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है, जबकि बुमराह का अनुभव और टीम में अहम स्थान उन्हें मजबूत विकल्प बनाता है. अंतिम फैसला लेने में रोहित शर्मा भी मैनेजमेंट के साथ विचार-विमर्श कर सकते हैं.

SKY पर मुंबई का भरोसा कायम

सूर्यकुमार यादव को लेकर मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों के लिए राहत की खबर है. 2026 का सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने के बावजूद टीम उन्हें रिलीज करने के मूड में नहीं है. फ्रेंचाइजी अपने ‘वन फैमिली’ मॉडल पर कायम रहना चाहती है. इसलिए एक खराब सीजन के आधार पर बड़े मैच विनर को टीम से अलग करने की संभावना नहीं है. सूर्यकुमार अगले सीजन में मुंबई की योजनाओं का हिस्सा रहेंगे.

महेला जयवर्धने संभालेंगे कोचिंग की कमान

मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने अगले साल भी अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे. टीम प्रबंधन फिलहाल बड़े बदलावों से बचना चाहता है, क्योंकि IPL 2027 के बाद मेगा ऑक्शन होना है. ऐसे में फ्रेंचाइजी मौजूदा ढांचे को ज्यादा छेड़ने के बजाय जरूरी बदलावों पर ही ध्यान दे सकती है. कप्तानी का फैसला इसी रणनीति के तहत लिया जाएगा, जिसमें बुमराह और तिलक के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं.