menu-icon
India Daily

England के खिलाफ जंग से पहले Babar Azam की तबीयत बिगड़ी, क्या खेल पाएंगे तीसरा टेस्ट?

इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम को बुखार हो गया है. टीम पहले ही 0-2 से पीछे है और लगातार बदलावों के बीच उनकी फिटनेस चिंता बढ़ा रही है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
England के खिलाफ जंग से पहले Babar Azam की तबीयत बिगड़ी, क्या खेल पाएंगे तीसरा टेस्ट?
Courtesy: X (@AhmadRana056)

इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. दो मुकाबले गंवा चुकी टीम अब तीसरे टेस्ट में क्लीन स्वीप से बचने उतरेगी, लेकिन उससे पहले कप्तान बाबर आजम की तबीयत ने चिंता बढ़ा दी है. टीम मैनेजर नवीद अकरम चीमा के मुताबिक बाबर को बुखार है, हालांकि उनकी हालत को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है. पाकिस्तान टीम में खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव के बीच कप्तान की फिटनेस अहम हो गई है.

बुखार के बावजूद बाबर की हालत ठीक

टीम मैनेजर ने बताया कि बाबर को बुखार है, लेकिन वह अन्यथा स्वस्थ हैं और जल्द ठीक होने की उम्मीद है. इससे साफ है कि वह तीसरे मुकाबले में खेलते हुए नजर आ सकते हैं. बता दें लॉर्ड्स टेस्ट में उनका बल्ला नहीं चला था. उन्होंने दोनों पारियों में क्रमशः 8 और 6 रन बनाए थे. पाकिस्तान यह मुकाबला 194 रन से हार गया था. चोट के कारण बाबर पहले टेस्ट में नहीं खेल सके थे, तब सलमान अली आगा ने टीम की कप्तानी संभाली थी.

टेस्ट में शतक का लंबा इंतजार

बाबर ने वेस्टइंडीज दौरे पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए दो टेस्ट में 193 रन बनाए थे. इस दौरान उन्होंने दो अर्धशतक भी लगाए और पाकिस्तान ने सीरीज 1-1 से बराबर की थी. हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में उनका शतक का इंतजार दिसंबर 2022 से जारी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 161 रन बनाने के बाद से वह टेस्ट में शतक नहीं लगा पाए हैं. ऐसे में तीसरे टेस्ट में उनसे बड़ी पारी की उम्मीद होगी.

पाकिस्तान टीम में बड़ा बदलाव

इंग्लैंड दौरे के बीच पाकिस्तान ने टीम में सात खिलाड़ियों को बाहर किया है. साइम अयूब और अब्दुल्ला फजल के साथ पांच नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव नहीं है. इनके अलावा माइक हेसन और एशले नोफ्के को टेस्ट कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया है.

मिस्बाह ने भी दिया इस्तीफा

टीम में हुए बड़े बदलावों के बीच पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने राष्ट्रीय चयन समिति से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने लाहौर की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में बल्लेबाजी सलाहकार की भूमिका छोड़ने का भी फैसला किया है. हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार PCB ने अभी उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है.