हार्दिक पांड्या ने निभाया टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान किया वादा, वानखेड़े के ग्राउंड स्टाफ को बांटे 10-10 लाख के चेक
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले हार्दिक ने अपना यह वादा पूरा कर दिखाया. उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के मैदानकर्मियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया और उनकी मेहनत के लिए आभार जताया.
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर शानदार खेल के साथ-साथ अपने विनम्र व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने मैदान के बाहर ऐसा काम किया है, जिसने फैंस और क्रिकेट जगत दोनों का दिल जीत लिया है.
टी20 विश्व कप की तैयारियों के दौरान हार्दिक पांड्या ने मुंबई के प्रसिद्ध वानखेड़े स्टेडियम में लंबे समय तक अभ्यास किया था. इस दौरान वह कई बार देर रात तक मैदान पर पसीना बहाते नजर आते थे. अभ्यास के दौरान उन्होंने वहां के ग्राउंड स्टाफ से एक खास वादा किया था कि जब वह दोबारा लौटेंगे, तो सभी को इनाम देंगे.
हार्दिक पांड्या ने पूरा किया वादा
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले हार्दिक ने अपना यह वादा पूरा कर दिखाया. उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के मैदानकर्मियों को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया और उनकी मेहनत के लिए आभार जताया. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने प्रत्येक सदस्य को 10-10 लाख रुपए के चेक दिए.
सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल
हार्दिक पांड्या के इस कदम की काफी प्रशंसा की जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में वह ग्राउंड स्टाफ के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिसमें उनकी सादगी और सम्मान साफ झलक रहा है. फैंस इस जेस्चर की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान बता रहे हैं.
विश्व कप में शानदार प्रदर्शन
हार्दिक पांड्या टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. हार्दिक पांड्या ने 9 पारियों में 217 रन बनाए और दो अर्धशतक जड़े. वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 9 विकेट हासिल किए. कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने 3 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 2 बड़े विकेट लिए, जिसने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया.
संघर्ष से सफलता तक
विश्व कप जीतने के बाद हार्दिक ने बताया कि 2024 के टूर्नामेंट से पहले वह व्यक्तिगत चुनौतियों से जूझ रहे थे. उन्होंने कहा कि उस समय हालात उनके मुताबिक नहीं थे, लेकिन उन्होंने खुद से वापसी का वादा किया था. उनका मानना है कि यह सफलता उनके आत्मविश्वास और मेहनत का परिणाम है. हार्दिक पांड्या का यह जेस्चर और प्रदर्शन दोनों ही यह साबित करते हैं कि वह सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि एक बड़े दिल वाले इंसान भी हैं.