menu-icon
India Daily

IPL 2026: गुजरात टाइटन्स ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को दी मात, 'किलर मिलर' की गलती पड़ी भारी

गुजरात टाइटन्स ने दिल्ली कैपिटल्स को रोमांचक मुकाबले में मात देकर 1 रन से जीत दर्ज कर ली.

Ashutosh Rai
Edited By: Ashutosh Rai
IPL 2026: गुजरात टाइटन्स ने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को दी मात, 'किलर मिलर' की गलती पड़ी भारी
Courtesy: X

इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें मैच ने फैंस को दिल थामने वाला रोमांच दिया. अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेले गए इस मुकाबले में आखिरी गेंद पर फैसला हुआ. गुजरात ने दिल्ली को 1 रन से हराकर दो अंक अपने नाम कर लिए. किलर मिलर की 19.5 ओवर पर रन ना लेना दिल्ली की टीम को भारी पड़ गया.

टॉस और पहली पारी

दिल्ली कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. साई सुदर्शन जल्दी आउट हुए, लेकिन जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली. कप्तान शुभमन गिल ने 41 गेंदों में 68 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 28 गेंदों में 45 रन जोड़े. तीन फिफ्टी की बदौलत गुजरात 210 के स्कोर तक पहुंची.

केएल राहुल की धुआंधार फिफ्टी

211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत शानदार रही. पथुम निसांका और केएल राहुल ने 76 रन की साझेदारी की. निसांका के आउट होने के बाद राहुल ने एक छोर संभाले रखा और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. उन्होंने 50 गेंदों में 11 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 92 रन बनाए. हालांकि, 17वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने उन्हें आउट कर दिया. डेविड मिलर ने 20 गेंदों में 41 रन ठोके, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.

आखिरी दो ओवर का सस्पेंस

आखिरी 2 ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 36 रन चाहिए थे. 19वां ओवर मोहम्मद सिराज ने डाला और मिलर ने उनपर 23 रन ठोक दिए. अब आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन चाहिए थे. प्रसिद्ध कृष्णा ने यह ओवर डाला. उन्होंने सिर्फ 2 रन दिए और दो विकेट लेकर मैच पलट दिया। आखिरी गेंद पर दिल्ली को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे, लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए. गुजरात ने यह मैच 1 रन से जीत लिया.

इन खिलाड़ियों ने दिखाया कमाल

केएल राहुल: 50 गेंद, 92 रन (11 चौके, 4 छक्के)
जोस बटलर: 27 गेंद, 52 रन
शुभमन गिल: 41 गेंद, 68 रन
प्रसिद्ध कृष्णा : 4 ओवर, 29 रन, 2 विकेट
मोहम्मद सिराज: 4 ओवर, 45 रन, 2 विकेट

अंक तालिका में दमदार वापसी

गुजरात टाइटन्स ने इस रोमांचक जीत के साथ अंक तालिका में दमदार वापसी की, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को एक और करीबी हार का सामना करना पड़ा। क्रिकेट फैंस को यह मैच लंबे समय तक याद रहेगा.

Topics