एलिमिनेटर खेलने के बाद भी गुजरात या मुंबई जीत सकती है IPL 2025 की ट्रॉफी! जानें क्या कहता है इतिहास

IPL 2025 के एलिमिनेटर में मुंबई और गुजरात की टीम खेलती हुई नजर आने वाली हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर एलिमिनेटर में खेलने के बाद भी इन दोनों टीमों में से कोई एक ट्रॉफी उठा सकता है या नहीं. बता दें कि इतिहास में मात्र एक ही बार ऐसा देखने को मिला है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

IPL 2025: आईपीएल 2025 के प्लेऑफ का शेड्यूल तय हो गया है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 27 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को छह विकेट से हराकर क्वालिफायर 1 में अपनी जगह पक्की कर ली. अब सवाल यह है कि क्या एलिमिनेटर खेलने वाली टीमें, यानी मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT), IPL की ट्रॉफी जीत सकती हैं? 

RCB ने LSG को हराकर पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में जगह बनाई. अब रजत पाटीदार की कप्तानी वाली RCB का सामना 29 मई को क्वालिफायर 1 में पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा. यह मैच चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. वहीं, 30 मई को उसी मैदान पर मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच एलिमिनेटर मुकाबला होगा. क्वालिफायर 1 की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि हारने वाली टीम को क्वालिफायर 2 में एक और मौका मिलेगा.

टॉप-2 टीमों का दबदबा

इतिहास बताता है कि IPL में टॉप-2 में रहने वाली टीमें चैंपियन बनने की सबसे प्रबल दावेदार होती हैं. 2011 से प्लेऑफ सिस्टम शुरू होने के बाद पिछले 14 सीजन में 13 बार टॉप-2 में रहने वाली टीम ने ही खिताब जीता है. इस बार टॉप-2 में RCB और PBKS हैं, जिसके चलते इन दोनों टीमों को ट्रॉफी की प्रबल दावेदार माना जा रहा है. टॉप-2 टीमों को एक बड़ा फायदा यह है कि अगर वे क्वालिफायर 1 हार भी जाती हैं, तो उनके पास क्वालिफायर 2 के जरिए फाइनल में पहुंचने का एक और मौका होता है.


2016 में SRH ने तोड़ा ट्रेंड

हालांकि, इतिहास में एक अपवाद भी है, जो मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है. वॉर्नर की कप्तानी वाली SRH ने पहले एलिमिनेटर में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को हराया फिर क्वालिफायर 2 में गुजरात लायंस को मात दी और आखिरकार फाइनल में RCB को 8 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया. यह IPL इतिहास का इकलौता मौका है, जब टॉप-2 से बाहर की टीम ने ट्रॉफी जीती.