हरिद्वार में मिल्क पाउडर और फोरेन फैट से बने मिलावटी पनीर का भंडाफोड़, खाद्य विभाग ने लिया बड़ा एक्शन
हरिद्वार के कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने छापा मारकर करीब 50 किलो मिलावटी पनीर बरामद किया. जांच में पनीर बनाने में मिल्क पाउडर और फोरेन फैट के इस्तेमाल की बात सामने आई.
हरिद्वार: हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुज्जर डेयरी पर छापेमारी कर मिलावटी पनीर बनाने का मामला पकड़ा है. कार्रवाई के दौरान करीब 50 किलो पनीर बरामद किया गया. पूछताछ में डेयरी संचालक के भाई शराफत अली ने स्वीकार किया कि पनीर बनाने में मिल्क पाउडर और फोरेन फैट का इस्तेमाल किया गया था. इसके बाद विभाग ने मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी.
संयुक्त टीम ने डेयरी परिसर की जांच के दौरान एक प्लास्टिक बैग में मिल्क पाउडर के लगभग 50 खाली पैकेट भी बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया. अधिकारियों ने तैयार पनीर और पनीर निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए हैं. अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने क्या बताया?
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि नमूने लेने के बाद मौके पर मौजूद लगभग 49 किलो पनीर को गड्ढे में दबाकर नष्ट करा दिया गया ताकि वह बाजार तक न पहुंच सके. निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित इकाई रिटेल व्यवसाय के फूड लाइसेंस पर दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रही थी, जो नियमों के अनुरूप नहीं पाया गया.
क्या लिया गया एक्शन?
निरीक्षण में मिली अनियमितताओं के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत डेयरी संचालक इमानत अली और मौके पर मौजूद उनके भाई शराफत अली को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की ओर से नोटिस जारी किया गया है. विभाग ने दोनों से निर्धारित समय के भीतर जवाब मांगा है.
यह कार्रवाई श्यामपुर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने की. टीम में श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एएसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, गढ़वाल मंडल के उपायुक्त आरएस रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे. अधिकारियों ने कहा कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.