'राजकुमारी मत बनो...' लाइव मैच में स्मिथ की हुई खिंचाई, फैन की बात सुनकर मचा हंगामा; VIDEO VIRAL
डार्विन टेस्ट में साइट स्क्रीन की वजह से खेल रुकने पर स्टीव स्मिथ को एक फैन ने मजेदार ताना मार दिया. इसके बाद स्मिथ की 71 रन की पारी ने ऑस्ट्रेलिया को संभाला.
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच डार्विन में खेले जा रहे टेस्ट के पहले दिन क्रिकेट के साथ एक मजेदार घटना भी देखने को मिली. ऑस्ट्रेलिया की पारी मुश्किल में थी और स्टीव स्मिथ टीम को संभालने की कोशिश कर रहे थे. तभी साइट स्क्रीन से जुड़ी परेशानी के कारण खेल कुछ देर रुका. स्मिथ के इशारे पर गेंदबाज भी रुक गया. बस फिर क्या था फैंस को ये बात कुछ रास नहीं आई और उन्होंने स्मिथ को ट्रोल करना शुरु कर दिया. इसी बीच स्टैंड में बैठे एक दर्शक ने स्मिथ पर ऐसा तंज कसा, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया.
राजकुमारी मत बनो...
स्मिथ को साइट स्क्रीन में परेशानी महसूस हुई तो उन्होंने गेंदबाज को रुकने का संकेत दिया. खेल शुरू होने में हुई देरी से स्टैंड में बैठे एक फैन ने मजाकिया अंदाज में आवाज लगाई. उन्होंने कहा कि 'बस गेंद को मारो, स्मज (स्मिथ का निकनेम). राजकुमारी मत बनो.' उसने स्मिथ से दोबारा बल्लेबाजी शुरू करने को कहा. फैंस की ये बाद अब कैमरे में कैद हो गई और और चंद मिनटों में ही ये सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
Also Read
बांग्लादेशी गेंदबाजों ने बिगाड़ी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत
बता दें टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. ट्रेविस हेड और जेक वेदराल्ड ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत की. इसके बाद हसन महमूद ने लगातार दो झटके देकर ऑस्ट्रेलिया को दबाव में ला दिया. हेड 22 और वेदराल्ड 23 रन बनाकर आउट हुए. पहले सत्र के खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 74 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे.
स्मिथ ने 71 रन बनाकर संभाली पारी
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज एक के बाद एक पवेलियन लौटते रहे, लेकिन स्मिथ ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने 109 गेंदों पर 71 रन बनाए, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहा. उनकी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 198 रन तक पहुंचा. बांग्लादेश की ओर से हसन महमूद सबसे प्रभावी रहे. उन्होंने 55 रन देकर छह विकेट लिए, जबकि तस्कीन अहमद और इबादत हुसैन को दो-दो विकेट मिले.
स्टीव वॉ के रिकॉर्ड की बराबरी की
71 रन की पारी के दौरान स्मिथ ने एक खास उपलब्धि भी हासिल की. टेस्ट क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने के मामले में उन्होंने स्टीव वॉ की बराबरी कर ली. दोनों बल्लेबाजों ने 82-82 बार यह आंकड़ा पार किया है. स्मिथ के नाम 37 शतक और 45 अर्धशतक हैं. ऑस्ट्रेलिया की ओर से इस सूची में रिकी पोंटिंग सबसे आगे हैं, जिन्होंने टेस्ट करियर में 103 बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं.
बांग्लादेश का गेंदबाजी में रहा दबदबा
ऑस्ट्रेलिया की पारी को 198 रन पर रोकने के बाद बांग्लादेशी गेंदबाजों ने मुकाबले में अपना दबदबा कायम रखा. हसन महमूद ने अकेले छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. वहीं, स्मिथ की पारी ने टीम को शुरुआती झटकों से उबरने का मौका दिया. मैच के पहले दिन जहां स्मिथ की बल्लेबाजी चर्चा में रही, वहीं स्टैंड से आया ‘राजकुमारी मत बनो’ वाला तंज भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच सुर्खियां बटोरता रहा.