'जसप्रीत बुमराह में वो बात नहीं...', इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने मैनचेस्टर टेस्ट के बीच भारतीय दिग्गज का उड़ाया मजाक
ENG vs IND 4th Test: मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह संघर्ष करते हुए दिखाई दिए और मात्र एक विकेट हासिल कर सके. ऐसे में पूर्व इंग्लिश कप्तान ने उनका मजाक उड़ाया है.
ENG vs IND 4th Test: भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मैनचेस्टर में चल रहे चौथे टेस्ट मैच में अपनी चमक खोते नजर आए. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने उनकी गेंदबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुमराह में वह धार नहीं दिख रही, जो उन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट में दिखाई थी.
वॉन ने बुमराह की तुलना इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स से करते हुए कहा कि भारतीय गेंदबाज ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच का फायदा उठाने में नाकाम रहे. इंग्लैंड ने तीसरे दिन ही 500 का स्कोर पार कर लिया और ऐसे में वॉन ने बुमराह पर कटाक्ष किया.
मैनचेस्टर टेस्ट में जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन
मैनचेस्टर टेस्ट में बुमराह ने अब तक 28 ओवर फेंके, जिसमें उन्होंने करीब 100 रन दिए और सिर्फ एक विकेट हासिल किया. तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक उनके आंकड़े थे 15 ओवर, 48 रन और विकेटकीपर जेमी स्मिथ का एकमात्र विकेट. इस पारी में उन्होंने 28 ओवर में 95 रन खर्च करते हुए एक विकेट अपना नाम किया. वॉन ने बीबीसी पर कहा, "बुमराह आज सामान्य और खेलने योग्य लगे. लॉर्ड्स में उनकी शानदार गेंदबाजी की तरह वह जोश और रफ्तार इस बार नहीं दिखी. स्टोक्स और आर्चर की तरह बुमराह पिच से वह तेजी नहीं निकाल पाए."
बुमराह की उपलब्धि
भले ही मैनचेस्टर टेस्ट में बुमराह का प्रदर्शन फीका रहा, लेकिन उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. तीसरे दिन उन्होंने इंग्लैंड में अपने 50 टेस्ट विकेट पूरे किए. ऐसा करने वाले वह तीसरे एशियाई गेंदबाज बने, उनसे पहले यह कारनामा वसीम अकरम (53) और इशांत शर्मा (51) ने किया था. बुमराह ने 12 टेस्ट मैचों में 26.38 की औसत और 2.79 की इकॉनमी रेट के साथ ये 50 विकेट लिए. उनके नाम चार बार चार विकेट लेने का रिकॉर्ड भी है.
सीरीज में बुमराह का प्रदर्शन
इस सीरीज में बुमराह तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 5 पारियों में 13 विकेट लिए, जिनमें दो बार पांच विकेट लेने का कमाल शामिल है. उनकी औसत 26.69 रही. हालांकि, यह प्रदर्शन उस जसप्रीत बुमराह के सामने कम लगता है, जिन्होंने 2024/25 के बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 32 विकेट लेकर तहलका मचा दिया था. उस सीरीज में बमराह का औसत 13.06 था. इसके अलावा दो बार 4 विकेट और तीन बार 5 विकेट शामिल थे.
और पढ़ें
- लखनऊ के मालिक संजीव गोयनका ने उठाया बड़ा कदम, 2026 से बदल जाएगा टीम का नाम
- ENG vs IND 4th Test: कुलदीप यादव को मैनचेस्टर टेस्ट में क्यों नहीं मिला मौका? मोर्ने मोर्केल के जवाब ने किया हैरान
- ENG vs IND: मैनचेस्ट टेस्ट में चोट के बावजूद खेल रहे हैं जसप्रीत बुमराह! गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने दिया जवाब