T20 World Cup 2026

ENG vs IND: चौथा टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में बराबरी कर पाएगा भारत! जानें क्या कहता है मैनचेस्टर का इतिहास

ENG vs IND 4th Test: इंग्लैंड और भारत की की टीम मैनचेस्टर में एक-दूसरे का आमना-सामना करने वाली हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर इस मैदान पर भारत और इंग्लैंड का रिकॉर्ड कैसा रहा है.

Social Media
Praveen Kumar Mishra

ENG vs IND 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा और महत्वपूर्ण मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर होने जा रहा है. सीरीज इस समय रोमांचक मोड़ पर है, और भारत के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है ताकि वह सीरीज में बराबरी कर सके. 

बर्मिंघम में 336 रनों की ऐतिहासिक जीत के बाद भारत ने लॉर्ड्स में 22 रनों से हार का सामना किया, जिससे उसका आत्मविश्वास थोड़ा डगमगाया है. लेकिन क्या भारत मैनचेस्टर में जीत का परचम लहरा पाएगा? 

भारत की चुनौतियां और चोट का संकट

भारतीय टीम इस समय कई मुश्किलों से जूझ रही है. टीम को अपने प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों ने परेशान किया है. ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी घुटने की चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं. इसके अलावा, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्रैक्टिस के दौरान अंगूठे में चोट लगी, और अकाश दीप भी कमर की चोट के कारण मैनचेस्टर टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे. इन चोटों के कारण भारत को अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव करना होगा, जो टीम के लिए एक बड़ी चुनौती है.

मैनचेस्टर में भारत का रिकॉर्ड

मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान भारत के लिए हमेशा से मुश्किल रहा है. भारत ने यहां 1936 से अब तक कुल नौ टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन एक भी जीत हासिल नहीं की. पांच ड्रॉ और चार हार के साथ भारत का रिकॉर्ड इस मैदान पर निराशाजनक रहा है. पिछली बार जब भारत ने 2014 में यहां टेस्ट खेला था, तो उसे इंग्लैंड के खिलाफ पारी और 54 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी थी. इस इतिहास को देखते हुए भारत के लिए मैनचेस्टर में जीत हासिल करना आसान नहीं होगा.

इंग्लैंड का दबदबा

दूसरी ओर इंग्लैंड के लिए ओल्ड ट्रैफर्ड हमेशा से मजबूत किला रहा है. पिछले 25 सालों में इंग्लैंड ने यहां 20 टेस्ट मैच खेले, जिनमें से 14 में जीत हासिल की, सिर्फ 2 में हार मिली और 4 ड्रॉ रहे. हाल ही में, 2022 में इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को यहां पारी और 85 रनों से हराया था.