MS Dhoni: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कैप्टन कूल के नाम से पहचाना जाता है. धोनी को लेकर कहा जाता है कि वो क्रिकेट मैदान पर बेहद कूल रहते हैं, चाहे परिस्थिति कैसे भी रहे. धोनी कभी दबाव में नहीं आते और मैदान पर शांत रहकर सब कुछ ठीक करते हैं, हालांकि आपको यह जानकार हैरानी होगी कि धोनी को भी भयंकर गुस्सा आता है. इस बात का खुलासा उनके पूर्व साधी और सीएसके के स्टार प्लेयर रहे सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने किया है.
इनसाइडस्पोर्ट को दिए इंटरव्यू में सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने बताया कि वह भी एक इंसान हैं. उन्होंने अपना आपा खो दिया था, लेकिन मैदान पर ऐसा कभी नहीं हुआ. धोनी विरोधी टीम को कभी भी यह पता नहीं चलने देते कि उन्हें गुस्सा आ रहा है.
आईपीएल मैच में हार के बाद आया था गुस्सा
सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने आईपीएल के एक मैच को याद किया, जिसमें चेन्नई की टीम आरसीबी के खिलाफ चेपॉक में 110 रन चेज नहीं कर पाई थी. इस मैच में धोनी को गुस्सा आया था. एस बद्रीनाथ ने बताया कि उस मैच में आरसीबी के खिलाफ हमारी टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए थे और हार गई थी.
हम सभी उनसे नजरें मिलाने से बच रहे थे
बद्रीनाथ ने अपने बयान में आगे कहा, 'मैं अनिल कुंबले के खिलाफ लैप शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुआ था. मैंने खुद को LBW कर लिया था. धोनी भी आउट होकर ड्रेसिंग रूम के अंदर आ रहे थे और मैं वहीं खड़ा था. मेरे सामने रखी एक पानी की बोतल को धोनी ने पार्क से बाहर फेंक दिया था, जिसे देख मैं हैरान रह गया. हम सभी उस ड्रेसिंग रूम में उनसे नजरें मिलाने से बचने की कोशिश कर रहे थे.'
सबसे सफल कप्तान हैं एमएस धोनी
महेंद्र सिंह टीम इंडिया के सफल कप्तान हैं. उन्होंने आईसीसी के तीन बड़ी ट्रॉफी जीती हैं. धोनी ने 2007 का टी20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी अपनी कप्तानी में दिलाई है. वो आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 बार खिताब दिला चुके हैं.