'माही फैंस' के लिए खुशखबरी...! कैप्टन कूल की वापसी का रास्ता साफ! CSK CEO का इमोशनल बयान आया सामने

CSK को इस पूरे सीजन टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की कमी साफ तौर पर महसूस हुई. शुरुआती झटकों के साथ ही माही पूरे सीजन मैदान पर नजर नहीं आए. जिसके बाद से उनके आईपीएल करियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थी.

X (@CricCrazyJohns)
Meenu Singh

नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. टीम को 14 मैच में से महज 6 मैच में ही सफलता मिली. इसके अलावा 8 मैचो में टीम को हार का सामना करना पड़ा. पूरे सीजन टीम को अपने पूर्व कप्तान और टीम के सबसे सीनियर खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी की कमी साफ तौर पर महसूस हुई. शुरुआती झटकों के साथ ही माही पूरे सीजन मैदान पर नजर नहीं आए. यही वजह रही कि सीजन खत्म होते-होते एक बार फिर धोनी के भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं.

दरअसल, चोटों की वजह से एमएस धोनी IPL 2026 में एक भी मैच नहीं खेल सके. पिंडली और उंगली की परेशानी के कारण वह पूरे सीजन टीम से बाहर रहे. उनकी फिटनेस को लेकर लगातार अपडेट आते रहे, लेकिन आखिर तक वह मैदान पर वापसी नहीं कर पाए. अब सीएसके मैनेजमेंट ने भी साफ कर दिया है कि धोनी के भविष्य के बारे में कुछ ऐसा कह दिया है, जिससे माही फैंस में अब खुशी की लहर है. 

सीएसके मैनेजमेंट ने क्या कहा?

टीम के सीईओ कासी विश्वनाथन ने एक इंटरव्यू में कहा कि धोनी अपने फैसले खुद लेते हैं और फ्रेंचाइजी हमेशा उनका सम्मान करेगी. उन्होंने कहा कि, 'हम हमेशा धोनी को CSK में एक स्थायी सदस्य के तौर पर देखना चाहेंगे, चाहे वह किसी भी भूमिका में हों—फिर चाहे वह खिलाड़ी के तौर पर हों, कोच के तौर पर या मेंटर के तौर पर. बात जो भी हो, यह पूरी तरह से उनके अपने फैसले पर निर्भर करता है.'

धोनी की गैरमौजूदगी टीम पर पड़ी भारी

CSK के लिए यह सीजन कई मायनों में चुनौतीपूर्ण रहा. ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. कई अहम मुकाबलों में अनुभव की कमी साफ दिखाई दी. ऐसे में फैंस को बार-बार अपने कैप्टन कूल की याद आई, जिन्होंने सालों तक टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला.

कप्तानी के आंकड़े बताते हैं धोनी की गाथा

एमएस धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच IPL खिताब जीते. जिस कारण सीएसके की गिनती लीग के सबसे सफल टीमों में होती है.  उन्होंने 244 मैचों में कप्तानी करते हुए 145 मैच में जीत दिलाई है. 

क्या फिर लौटेंगे ‘कैप्टन कूल’?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या धोनी अगले सीजन में दोबारा मैदान पर नजर आएंगे. हालांकि फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है, लेकिन इतना तय है कि सीएसके और उसके फैंस धोनी को टीम से अलग होते देखने के लिए अभी तैयार नहीं हैं.