menu-icon
India Daily

मेजबानी का स्वाद 29 साल बाद चखेगा पाकिस्तान, आज से हो रहा चैंपियंस ट्रॉफी के महाकुंभ का आगाज, जानें क्या है खास

Pakistan Vs New Zealand Champions Trophy 2025: आज यानी 19 फरवरी से आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की शुरुआत हो रही है. इस टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच आज कराजी में खेला जाएगा.

Gyanendra Tiwari
मेजबानी का स्वाद 29 साल बाद चखेगा पाकिस्तान, आज से हो रहा चैंपियंस ट्रॉफी के महाकुंभ का आगाज, जानें क्या है खास
Courtesy: Social Media

Pakistan Vs New Zealand Champions Trophy 2025: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के महाकुंभ का आगाज आज यानी 19 फरवरी से हो रहा है. आईसीसी के इस टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है. 29 साल बाद पाकिस्तान किसी आईसीसी इवेंट का स्वाद चखने जा रहा है. यह टूर्नामेंट पाकिस्तान के लिए खास है क्योंकि यह 1996 के बाद पहली बार है जब देश ने किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहा है. आइए जानते हैं इस बार की चैंपियंस ट्रॉफी में क्या है खास और किस तरह यह टूर्नामेंट क्रिकेट प्रेमियों के लिए यादगार बनेगा.

पाकिस्तान की मेज़बानी और चैंपियंस ट्रॉफी का इतिहास

पाकिस्तान ने आखिरी बार 1996 में किसी बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेज़बानी की थी, जब भारत और श्रीलंका के साथ मिलकर पाकिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन किया था. उसके बाद से पाकिस्तान में किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन नहीं हुआ था, क्योंकि 2009 में श्रीलंकाई टीम पर हुए हमले के बाद से सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में टूर्नामेंट्स को स्थगित कर दिया गया था. अब, 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच पर अपनी वापसी की है.

आठ साल बाद हो रही वापसी

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी को 2017 में समाप्त कर दिया गया था, लेकिन 2025 में यह टूर्नामेंट फिर से आयोजित किया जा रहा है. इस टूर्नामेंट को लेकर काफी चर्चा हुई थी, और कई बार इसे खत्म करने की भी बात की गई थी. हालांकि, आईसीसी ने 2025 में इसकी वापसी का निर्णय लिया, और अब क्रिकेट प्रेमी इस महाकुंभ का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं.

टूर्नामेंट का प्रारूप और ग्रुप्स

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में कुल आठ टीमें भाग लेंगी, जो 2023 के वनडे वर्ल्ड कप की रैंकिंग पर आधारित हैं. यह टूर्नामेंट 50-50 ओवरों के मैचों के रूप में होगा. टूर्नामेंट का प्रारूप 2006 में शुरू किए गए प्रारूप के आधार पर होगा, जिसमें सभी आठ टीमें दो ग्रुपों में बंटी होंगी. प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में तीन मैच खेलेगी, और हर ग्रुप से केवल शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी.

इस बार का टूर्नामेंट क्यों है खास?

इस बार की चैंपियंस ट्रॉफी में कुछ विशेष बातें हैं. सबसे पहले, इस बार अफगानिस्तान पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी में भाग ले रहा है. वहीं, श्रीलंका को पहली बार इस टूर्नामेंट में जगह नहीं मिली है. इसके अलावा, टूर्नामेंट में भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारे, विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए यह एक महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हो सकता है. ऐसी अटकलें हैं कि यह उनका आखिरी आईसीसी वनडे टूर्नामेंट हो सकता है.

कई खिलाड़ी चोट के चलते टूर्नामेंट से हुए बाहर

इस टूर्नामेंट में कई प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति देखी जाएगी. भारत को जहां जसप्रीत बुमराह का बड़ा झटका लगा है, वहीं ऑस्ट्रेलिया को पांच खिलाड़ियों की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं. इन चोटों के कारण हर टीम को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ रहा है.