Under-19 World Cup: ICC ने विजेता टीम को क्यों नहीं दिया इनाम? BCCI ने की खिलाड़ियों पर पैसों की बारिश
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को नकद पुरस्कार दिया जाएगा. उन्होंने यह भी साफ किया कि इनाम की राशि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के बीच कैसे बांटी जाएगी, इस पर अभी विचार किया जा रहा है.
नई दिल्ली: भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से हराकर छठी बार यह प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया.
इस शानदार जीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने युवा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए बड़ा फैसला लिया है. बोर्ड ने खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के लिए कुल 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि देने की घोषणा की है.
BCCI सचिव ने क्या बताया?
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को यह नकद पुरस्कार दिया जाएगा. उन्होंने यह भी साफ किया कि इनाम की राशि खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और चयन समिति के बीच कैसे बांटी जाएगी, इस पर अभी विचार किया जा रहा है, लेकिन कुल रकम 7.5 करोड़ रुपये ही रहेगी. बीसीसीआई दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड्स में गिना जाता है और वह अपने उभरते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का कोई मौका नहीं छोड़ता.
भारत का शानदार प्रदर्शन
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. टीम ने हर मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ खेल दिखाया और फाइनल में भी दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया. फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की दबाव में आ गई और भारत ने मैच आसानी से जीत लिया.
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
इस ऐतिहासिक जीत के हीरो 14 साल के वैभव सूर्यवंशी रहे. उन्होंने फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की तूफानी पारी खेली. अपनी इस पारी में वैभव ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी शानदार बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया. बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ दोनों पुरस्कारों से नवाजा गया. पुरस्कार मिलने के बाद वैभव ने कहा कि टीम ने फाइनल में बिना किसी अतिरिक्त दबाव के खेलने का फैसला किया था और यही सोच जीत की सबसे बड़ी वजह बनी.
ICC ने क्यों नहीं दिया इनाम?
यह जानना भी जरूरी है कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ओर से कोई नकद इनाम नहीं दिया जाता. इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को सिर्फ मेडल मिलते हैं. दरअसल, आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट को युवा खिलाड़ियों के विकास का मंच मानता है, न कि पैसों से जुड़ा टूर्नामेंट. इसी कारण टीम इंडिया को आईसीसी की तरफ से कोई इनामी राशि नहीं मिली.
और पढ़ें
- फहीम अशरफ ने नीदरलैंड के जबड़े से छीना मैच, चौके-छक्के की बरसात कर पाकिस्तान की बचाई लाज
- T20 World Cup 2026 Opening Ceremony: आज मुंबई में T20 WC 2026 का भव्य आगाज, नोरा फतेही, बादशाह समेत ये सितारें देंगे हाई वोल्टेज परफॉर्मेंस
- U-19 वर्ल्ड कप में छठी बार सिरमौर बना भारत, पीएम मोदी से लेकर कोहली तक, देश ने यूं मनाया जीत का जश्न