SL vs IND: श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, जानिए कौन है कप्तान; इस 33 वर्षीय नए खिलाड़ी को मिला मौका
BCCI ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी है. बोर्ड ने इस दौरे के लिए एक बार फिर से शुभमन गिल पर भरोसा दिखाया है. साथ ही इस स्क्वाड में एक नए खिलाड़ी को भी शामिल किया गया है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है. 15 अगस्त से शुरू होने वाली इस सीरीज में शुभमन गिल कप्तानी करते नजर आएंगे, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
इसके साथ ही फैंस के चहेते विश्व स्तरीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की भी टीम में वापसी हो गई है. इतना ही नहीं जसप्रीत बुमराह भी टीम का हिस्सा हैं. टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा ऑलराउंडर सारांश जैन की हो रही है, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.
सारांश जैन को मिला पहला मौका
अनुभवी और युवा खिलाड़ियों की इस टीम में बोर्ड ने एक नए खिलाड़ी को टीम में शामिल किया है. वह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर सारांश जैन हैं, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है.
उनके चयन को इस टीम की सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है. बल्लेबाजी विभाग में यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल को भी मौका मिला है. विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल संभालेंगे.
गिल कप्तान, राहुल बने उपकप्तान
BCCI ने एक बार फिर शुभमन गिल पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की कमान सौंपी है. वहीं अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है. ऑलराउंडर के रूप में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार टीम का हिस्सा हैं. चयनकर्ताओं ने युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन तैयार किया है.
अभी भी तय नहीं बुमराह का खेलना
लेकिन इस सबके बीच जो बात फैंस को परेशान कर रही है वह है जसप्रीत बुमारह का चयन. बोर्ड ने उन्हें इस स्क्वाड में तो शामिल किया है लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है. बता दें तेज गेंदबाजी की कमान जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को मिली है.
हालांकि BCCI ने स्पष्ट किया है कि जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन की अंतिम उपलब्धता सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस मंजूरी मिलने के बाद ही तय होगी. वहीं वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया.
SL vs IND सीरीज का शेड्यूल
श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रिसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन