बसंत मेघवाल ने रचा इतिहास, U20 वर्ल्ड एथलेटिक्स हाई जंप में जीता भारत का पहला सिल्वर
बसंत कुमार मेघवाल ने U20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप की हाई जंप में 2.21 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता.
भारत के युवा हाई जंप खिलाड़ी बसंत कुमार मेघवाल ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. उन्होंने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया. इसी के साथ हाई जंप में भारत को इस जूनियर ग्लोबल चैंपियनशिप का पहला रजत पदक मिला.
2.21 मीटर की छलांग से बसंत ने जीता सिल्वर
बसंत कुमार मेघवाल ने फाइनल में 2.21 मीटर की ऊंचाई पार कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराया. उन्होंने मुकाबले की शुरुआत 2.06 मीटर से की, जिसे पहले प्रयास में पार कर लिया. इसके बाद 2.12 मीटर की ऊंचाई पार करने में उन्हें दो प्रयास लगे. वहीं 2.17 मीटर उन्होंने पहली कोशिश में ही पार कर ली. 2.21 मीटर पर पहला प्रयास सफल नहीं रहा लेकिन बसंत ने दबाव में शानदार वापसी करते हुए दूसरे प्रयास में बार पार कर लिया. इस प्रदर्शन ने उन्हें सीधे मेडल की दौड़ में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
Also Read
भारत के जूनियर पदकों में जुड़ा एक और रजत
बसंत की जीत से इस चैंपियनशिप में भारत के पदकों की संख्या भी बढ़ी. इससे पहले इसी सप्ताह आशीष यादव ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीता था. अब बसंत ने हाई जंप में रजत जीतकर भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. फाइनल में 2.21 मीटर पार करने वाले तीन खिलाड़ियों के बाद 2.17 मीटर अगला सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा. अमेरिका के मैडॉक्स क्रोट्जर, ग्रेट ब्रिटेन के सैमुअल जेम्स और ग्रीस के चारालम्पोस अलीविज़ैटोस ने यह ऊंचाई दर्ज की.