AUS vs BAN: ऑस्ट्रेलिया को हराते ही बांग्लादेश PM का आया वीडियो कॉल, खिलाड़ियों के साथ मनाया जश्न
बांग्लादेश ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर पहली बार उसकी धरती पर टेस्ट जीत दर्ज की. जीत के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कप्तान नजमुल शान्तो और टीम को वीडियो कॉल कर बधाई दी.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत हासिल की और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. यह ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर बांग्लादेश की पहली टेस्ट जीत है. मैच के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने टीम से वीडियो कॉल पर बात की.
ऑस्ट्रेलिया को हराते ही PM ने किया वीडियो कॉल
डार्विन में मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों का जश्न देखने लायक था. टीम के कप्तान नजमुल शान्तो ने बताया कि मैच खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने वीडियो कॉल कर पूरी टीम को बधाई दी. शान्तो के मुताबिक, प्रधानमंत्री इस उपलब्धि से काफी खुश थे. कप्तान ने कहा कि बांग्लादेश में क्रिकेट को लेकर फैंस की दीवानगी अलग स्तर की है और इस जीत ने उन्हें भी खुशी मनाने का मौका दिया. उन्होंने माना कि टीम ने देश के लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है.
टेस्ट क्रिकेट को लेकर बदली खिलाड़ियों की सोच
नजमुल शान्तो ने इस जीत को बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक नहीं, बल्कि किसी भी फॉर्मेट में टीम की सबसे बड़ी जीत बताया. उन्होंने तेज गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले कुछ सालों में खिलाड़ियों की टेस्ट क्रिकेट को लेकर सोच बदली है. पहले तेज गेंदबाज टेस्ट खेलने को लेकर उतने उत्साहित नहीं थे. अब वे इस फॉर्मेट में अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं. शान्तो ने मुशफिकुर रहीम और मोमिनुल हक जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को भी श्रेय दिया, जिन्होंने युवा खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित किया.
Also Read
- Hockey World Cup: बइज्जती कराने से बाज नहीं आएगा पाकिस्तान... पेनल्टी कॉर्नर के वक्त ड्रेसिंग रूम में भूल गया सुरक्षा गियर
- टीम को मुझ पर भरोसा नहीं... गॉल टेस्ट के बीच रविंद्र जडेजा का दर्द, 'भेदभाव' को लेकर कही ये बात
- ऑस्ट्रेलिया का घमंड चकनाचूर... बांग्लादेश ने 23 साल बाद रचा इतिहास, WTC 2027 में भी बढ़ी धाक
गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने मिलकर दिलाई ऐतिहासिक जीत
बांग्लादेश की इस जीत में टीम के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई. पहली पारी में हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलिया के छह बल्लेबाजों को आउट किया. वहीं मेहदी हसन मिराज ने दूसरी पारी में पांच विकेट लेकर मेजबान टीम की मुश्किलें बढ़ा दीं. बल्लेबाजी में तंजीद हसन ने शानदार शतक लगाया और पहली पारी में बांग्लादेश को 426 रन तक पहुंचाने में मदद की. कप्तान शान्तो और मेहदी ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. इस प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया.