menu-icon
India Daily

1999 से 2026 तक बांग्लादेश के 5 ऐतिहासिक उलटफेर, बड़े दिग्गज भी हुए चारों खाने चित

बांग्लादेश ने डार्विन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराकर इतिहास रचा. इससे पहले पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ भी टीम यादगार जीत दर्ज कर चुकी है, जिसने उसका क्रिकेट कद बढ़ाया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
1999 से 2026 तक बांग्लादेश के 5 ऐतिहासिक उलटफेर, बड़े दिग्गज भी हुए चारों खाने चित
Courtesy: X (@ICC)

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने डार्विन में ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराकर एक और बड़ा उलटफेर कर दिया. नाजमुल हुसैन शांतो की कप्तानी में मिली इस जीत ने टीम के पुराने कारनामों की यादें ताजा कर दी हैं. बांग्लादेश ने अलग-अलग दौर में पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, भारत और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों को चौंकाया है.

इंजरी से जूझने के बावजूद टीम ने ये कारनामा कर दिखाया. चोटिल प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद मिली ताजा जीत को कप्तान ने टीम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल बताया है. बांग्लादेश ने 1999 से लेकर 2026 तक 5 उलटफेर किए जिन्होंने पूरी दुनिया को चौका दिया. तो आज आपको उन 5 उलटफेर के बारे में ही बाताने जा रहे हैं-

पाकिस्तान के खिलाफ पहली बड़ी दस्तक

1999 विश्व कप में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर अपनी क्षमता का संकेत दिया था. नॉर्थम्पटन में उसने 223 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान 161 रन पर सिमट गया. खालिद महमूद ने अफरीदी, इंजमाम और सलीम मलिक जैसे दिग्गजों के विकेट लेकर बांग्लादेश की जीत की नींव रखी. यह सफलता पूर्ण सदस्य बनने की उसकी यात्रा में भी बेहद अहम साबित हुई.

ऑस्ट्रेलिया को पहली बार चौंकाया

2005 में कार्डिफ में बांग्लादेश ने मजबूत ऑस्ट्रेलिया को वनडे में शिकस्त दी. ऑस्ट्रेलिया ने 249 रन बनाए थे, लेकिन मोहम्मद अशरफुल के शानदार शतक ने पूरा मुकाबला पलट दिया. उनकी 101 रन की पारी के दम पर बांग्लादेश ने लक्ष्य हासिल कर लिया. यह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी पहली वनडे जीत थी और टीम के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बनी.

विश्व कप में भारत को दिया झटका

2007 विश्व कप में बांग्लादेश ने भारत को पांच विकेट से हराकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया. मशरफे मुर्तजा ने चार विकेट लिए, जबकि अब्दुर रज्जाक और मोहम्मद रफीक ने तीन तीन विकेट झटके. भारत 191 रन पर आउट हुआ. जवाब में मुशफिकुर रहीम और शाकिब अल हसन ने अहम पारियां खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया. यह हार भारत के लिए टूर्नामेंट में भारी पड़ी.

न्यूजीलैंड को उसके घर में हराया

2022 में बांग्लादेश ने माउंट माउंगानुई टेस्ट में न्यूजीलैंड को आठ विकेट से मात दी. मेजबान टीम पहली पारी में 328 रन ही बना सकी, जबकि बांग्लादेश ने 458 रन बनाकर बढ़त हासिल की. दूसरी पारी में इबादत हुसैन ने छह विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी. इसके बाद बांग्लादेश ने लक्ष्य हासिल कर घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड की लंबी अजेय लय तोड़ दी.

डार्विन में ऑस्ट्रेलिया पर ऐतिहासिक जीत

2026 में डार्विन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराकर अपने उलटफेरों की सूची में सबसे चमकदार जीत जोड़ी. हसन महमूद ने पहली पारी में छह विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर रोक दिया. तंजीद हसन तमीम के शतक से बांग्लादेश ने 426 रन बनाए. दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया 284 रन पर सिमट गया और बांग्लादेश ने 57 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया.