menu-icon
India Daily

PCB में मचा हाहाकार, गुस्से में Misbah-ul-Haq ने चयनकर्ता पद से दिया इस्तीफा; सात खिलाड़ियों को वापस भेजने के फैसले से थे नाराज

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने PCB चयन समिति से इस्तीफा दे दिया है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
PCB में मचा हाहाकार, गुस्से में Misbah-ul-Haq ने चयनकर्ता पद से दिया इस्तीफा; सात खिलाड़ियों को वापस भेजने के फैसले से थे नाराज
Courtesy: X

पाकिस्तान क्रिकेट में इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के बीच बड़ा बदलाव हुआ है. पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक के चयन समिति से इस्तीफे की खबर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद सात खिलाड़ियों को वापस भेजने के फैसले से मिस्बाह नाराज थे और उनसे सलाह नहीं ली गई.

सात खिलाड़ियों को वापस भेजने के फैसले से नाराज मिस्बाह

रिपोर्ट के मुताबिक, मिस्बाह ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को अपना इस्तीफा भेज दिया है और औपचारिक रूप से पद छोड़ने से पहले नोटिस पीरियड पूरा करेंगे. उनकी नाराजगी खास तौर पर उस फैसले को लेकर बताई जा रही है, जिसमें लॉर्ड्स टेस्ट के बाद सात खिलाड़ियों को पाकिस्तान वापस भेज दिया गया. मिस्बाह चयन समिति का हिस्सा थे. बताया जा रहा कि इस फैसले से जुड़ी चर्चा में उन्हें शामिल नहीं किया गया. PCB ने तीसरे टेस्ट के लिए नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है.

कोचिंग स्टाफ में भी बड़ा बदलाव

PCB ने इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट से पहले कोचिंग टीम में भी बदलाव किया है. सरफराज अहमद को रेड-बॉल हेड कोच की जिम्मेदारी से हटाया गया है. वहीं उमर गुल अब तेज गेंदबाजी कोच नहीं हैं. उनकी जगह व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और गेंदबाजी कोच एश्ले नॉफ्के एडबास्टन टेस्ट में टीम की निगरानी करेंगे. यह टेस्ट 9 से 13 सितंबर तक खेला जाएगा. पाकिस्तान पहले ही सीरीज के शुरुआती दोनों मैच हार चुका है और अब उस पर क्लीन स्वीप का खतरा है.

मिस्बाह की चयन समिति में वापसी भी ज्यादा लंबी नहीं चली

मिस्बाह मार्च 2026 में चयन समिति में शामिल हुए थे. यह फैसला चयन पैनल में बदलाव के दौरान लिया गया था. इससे पहले अलीम डार ने टी20 वर्ल्ड कप के बाद इस्तीफा दिया था और सरफराज को भी समिति में जगह मिली थी. मिस्बाह इससे पहले पाकिस्तान की तीनों फॉर्मेट में कप्तानी और राष्ट्रीय टीम की कोचिंग कर चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट अब पाकिस्तान के लिए सीरीज बचाने का आखिरी मौका है.